Palamu: भारत की कम्युनिस्ट पार्टी लिबरेशन के वरिष्ठ एवं पलामू प्रमंडल के जाने-माने नेता कॉमरेड आर. एन. सिंह का रांची में इलाज के दौरान निधन हो गया. उनके देहावसान की खबर फैलते ही संपूर्ण पलामू जिले और वामपंथी पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच शोक की लहर दौड़ गई. भाकपा (माले) ने उनके निधन को जन-संघर्षों, वामपंथी आंदोलन और समाज के शोषित व पीड़ित तबके के लिए एक अपूरणीय क्षति करार दिया है.
मौन धारण कर दिवंगत नेता को अर्पित की गई भावभीनी श्रद्धांजलि
निधन के उपरांत आयोजित शोक सभा में दो मिनट का मौन धारण कर दिवंगत नेता को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई. इसके बाद पांकी बाजार से एक विशाल शव यात्रा निकाली गई, जिसमें ‘कॉमरेड आर. एन. सिंह अमर रहें’ और ‘लाल सलाम’ के नारों के साथ जनसैलाब उमड़ पड़ा. स्थानीय लोगों, समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं की भारी मौजूदगी के बीच सुनरे नदी श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार संपन्न हुआ.
वहीं भाकपा (माले) पलामू जिला कमिटी के रंजीत कुमार सिंह चेरो ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा, कि कॉमरेड आर. एन. सिंह जीवन भर मजदूरों, किसानों और वंचितों के अधिकारों के लिए अग्रिम पंक्ति में डटे रहे. पलामू में जन-आंदोलनों को नई दिशा देने में उनका योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा. पार्टी परिवार ने दुख की इस घड़ी में शोक संतप्त परिजनों के साथ पूरी मजबूती से खड़े रहने की बात दोहराई है.
यह भी पढ़ें: हजारीबाग: बीमा कर्मचारी संघ का LIC कार्यालय पर द्वार प्रदर्शन, श्रम संहिताएं वापस लेने की मांग
