Koderma : कांग्रेस के कोडरमा जिलाध्यक्ष प्रकाश रजक ने मंगलवार को सदर अस्पताल, कोडरमा में एक थैलेसीमिया मरीज के लिए रक्तदान किया. इस दौरान उन्होंने जिले के युवाओं, सामाजिक और राजनीतिक कार्यकर्ताओं से जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्तदान करने की अपील की.
ब्लड बैंक शुरू नहीं, मरीजों को दूसरे जिलों में भटकना पड़ रहा
रक्तदान के बाद पत्रकारों से बातचीत में प्रकाश रजक ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा पुण्य कार्य है. इससे किसी की जान बचाई जा सकती है. थैलेसीमिया, दुर्घटना और गंभीर बीमारियों के इलाज में समय पर रक्त उपलब्ध होना जरूरी है. उन्होंने रक्तदान के दौरान एक गंभीर समस्या की ओर ध्यान दिलाया. उन्होंने कहा कि सदर अस्पताल कोडरमा का ब्लड बैंक अभी तक पूरी तरह शुरू नहीं हो पाया है. इसके कारण जिले के गंभीर मरीजों और उनके परिजनों को रक्त की व्यवस्था के लिए हजारीबाग सहित दूसरे जिलों में भटकना पड़ता है.
स्वास्थ्य मंत्री से मिलेंगे प्रकाश रजक
इससे मरीजों को परेशानी के साथ अतिरिक्त खर्च भी उठाना पड़ता है. प्रकाश रजक ने मांग की कि कोडरमा के मरीजों को रक्त के लिए दूसरे जिलों पर निर्भर न रहना पड़े. इसके लिए सदर अस्पताल के ब्लड बैंक को अविलंब शुरू किया जाए. उन्होंने कहा कि वह जल्द ही झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी से मिलकर इस मुद्दे को उनके समक्ष रखेंगे और ब्लड बैंक को जल्द शुरू कराने की मांग करेंगे. उन्होंने आगे कहा, रक्त की जरूरत किसी को भी, कभी भी पड़ सकती है. सभी स्वस्थ लोगों को आगे आकर रक्तदान करना चाहिए. आपका एक यूनिट रक्त किसी की जिंदगी बचा सकता है. जिलाध्यक्ष ने सभी राजनीतिक-सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से नियमित रक्तदान कर मानवता की सेवा में सहयोग करने की अपील की.
Also Read : रांची: जियोलॉजी के छात्रों को मिला एक और मौका, शॉर्ट टर्म ट्रेनिंग के लिए अब 14 अगस्त तक करें आवेदन
