Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने भाजपा के झारखंड बंद को पूरी तरह फ्लॉप बताते हुए कहा कि भाजपा ने छात्रों के आंदोलन को हाईजैक कर अपनी राजनीतिक जमीन तलाशने की कोशिश की, लेकिन झारखंड की जनता ने भाजपा के इस मंसूबे को सिरे से खारिज कर दिया. कल छात्रों ने ही भाजपा की राजनीतिक मंशा को जनता के सामने उजागर कर दिया था और आज आम जनता ने सड़कों पर उतरकर नहीं, बल्कि भाजपा के बंद को नकारकर अपना जवाब दे दिया. भाजपा ने छात्रों के भविष्य की चिंता के नाम पर बंद बुलाया, लेकिन असली मकसद छात्रों के मुद्दे को राजनीतिक हथियार बनाकर अपनी खोई हुई जमीन वापस हासिल करना था.
जनता सब देख रही है और समझ रही
बाबूलाल मरांडी और भाजपा नेतृत्व को बताना चाहिए कि जब छात्र अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे थे, तब भाजपा कहां थी? आज अचानक छात्रों के नाम पर राजनीति करने का कारण क्या है? जनता सब देख रही है और समझ रही है. भाजपा का चरित्र पूरी तरह सामने आ चुका है. पहले छात्रों के आंदोलन में अपनी राजनीतिक जमीन तलाशना और फिर उसी मुद्दे पर बंद के नाम पर जनता को परेशान करने की कोशिश करना भाजपा की अवसरवादी राजनीति है.
यह भी पढ़ें: JPSC-JSSC आंदोलन: छात्रों के लाठीचार्ज पर केजरीवाल का रिएक्शन, JMM सरकार से बोले- मांगें पूरी करें
कांग्रेस छात्रों के साथ खड़ी है
कांग्रेस छात्रों के साथ खड़ी है और उनके अधिकार, रोजगार तथा निष्पक्ष नियुक्ति की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाएगी. लेकिन भाजपा को छात्रों के कंधे पर बंदूक रखकर राजनीति करने की अनुमति नहीं दी जाएगी. आज के फ्लॉप बंद ने भाजपा को स्पष्ट संदेश दे दिया है कि झारखंड की जनता अब उसकी राजनीतिक चाल समझ चुकी है और उसके बहकावे में आने वाली नहीं है.
