Ranchi: झारखंड में मानसून एक बार फिर बेहद सक्रिय हो गया है. बंगाल की खाड़ी और मध्य भारत में बने कम दबाव के मजबूत क्षेत्रों के कारण राज्य के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है. मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र गहरा होकर अगले 12 घंटों में एक ‘वेल-मार्क लो प्रेशर’ में बदलने वाला है. इसके बाद इसके डिप्रेशन में बदलकर पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश के तटों की ओर आगे बढ़ने की प्रबल संभावना है. वहीं राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान अनेक स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा दर्ज की गई, जबकि कुछ हिस्सों में भारी बारिश भी हुई. सबसे अधिक 69.3 मिलीमीटर वर्षा खूंटी जिले के तोरपा में दर्ज की गई. वहीं, तापमान की बात करें तो बहरागोरा में सबसे अधिक उच्चतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस और लातेहार में सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
वर्तमान में क्या है मौसम की स्थिति
उत्तर बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र पश्चिम बंगाल-बांग्लादेश तटों के पास स्थिर है. इसका चक्रवातीय परिसंचरण समुद्र तल से 7.6 किलोमीटर ऊपर तक फैला हुआ है.उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश और उसके आसपास भी एक अन्य कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है, जिसका असर भी 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक सक्रिय है.यह ट्रफ लाइन बीकानेर, मध्य प्रदेश के कम दबाव क्षेत्र, सतना, डाल्टगंज और उत्तर बंगाल की खाड़ी के कम दबाव क्षेत्र से गुजरते हुए समुद्र तल से 1.5 किलोमीटर ऊपर तक फैली हुई है.
वज्रपात और तेज हवाओं का येलो व ऑरेंज अलर्ट
• वज्रपात और हवाएं: अगले कुछ दिनों तक राज्य के दक्षिणी, मध्य, उत्तर-पूर्वी और उत्तर-पश्चिमी भागों में कहीं-कहीं गरज के साथ वज्रपात होने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है.
• भारी बारिश की चेतावनी: 13 अगस्त को दक्षिणी, मध्य (गुमला, खूंटी) और उत्तर-पूर्वी भागों में, 14 अगस्त को मध्य (रांची, खूंटी, रामगढ़, बोकारो, हजारीबाग, कोडरमा, लोहरदगा) एवं उत्तर-पश्चिमी भागों में भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है. 15 से 17 अगस्त के दौरान भी राज्य के कई इलाकों में भारी बारिश का दौर जारी रहने के आसार हैं.
तापमान में गिरावट के संकेत
राज्य में अगले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है. हालांकि, इसके बाद के अगले 3 दिनों के दौरान तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बड़ी गिरावट आ सकती है. रांची और आसपास के इलाकों का मौसम पूर्वानुमान.
• 12 अगस्त: आसमान में सामान्यतः बादल छाए रहेंगे और एक-दो बार हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा होगी। इस दौरान अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.
• 13 अगस्त: बादल छाए रहने के साथ मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। तापमान अधिकतम 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है.
• 14 अगस्त: लगातार बादलों के बीच मध्यम दर्जे की बारिश दर्ज की जाएगी. अधिकतम तापमान घटकर 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस पर रह सकता है.
• 15 से 18 अगस्त: इन तारीखों के दौरान भी आसमान में मुख्य रूप से बादल छाए रहेंगे और एक-दो बार या रुक-रुक कर हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा का सिलसिला जारी रहेगा.
इस दौरान अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा सकता है.
ALSO READ: हजारीबाग : छह साल से पावना अटका, DSE कार्यालय में फूट-फूटकर रोया बुजुर्ग दंपती
