Click Here

जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से छात्रों की एक ही मांग: CGL परीक्षा रद्द करो, वरना रोज होगा धरना

Ranchi: झारखंड सामान्य स्नातक संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों का आक्रोश चरम पर पहुंच गया है. जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में...

Jaipal Singh Munda Stadium
जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में एकजुट छात्र

Ranchi: झारखंड सामान्य स्नातक संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों का आक्रोश चरम पर पहुंच गया है. जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में हजारों की संख्या में प्रदेशभर के छात्र लंबे समय से एकजुट हुए हैं. स्टेडियम से छात्र एक ही मांग कर रहे थे, कि “CGL परीक्षा रद्द करो, नहीं तो रोज धरना होगा.” छात्रों ने झारखंड कर्मचारी चयन आयोग और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और परीक्षा में बड़े पैमाने पर धांधली का आरोप लगाया. छात्रों ने बताया कि CGL परीक्षा में शुरू से ही विसंगतियां रही हैं.

CGL रद्द करने तक आंदोलन रहेगा जारी

स्टेडियम में जुटे युवाओं का कहना था कि वर्षों की मेहनत और तैयारी के बाद भी अगर इस तरह की कथित सेटिंग और पेपर लीक की खबरें आती हैं, तो यह ईमानदार छात्रों के भविष्य के साथ सीधे तौर पर खिलवाड़ है. छात्र अब किसी भी तरह के आश्वासन को मानने के लिए तैयार नहीं हैं. स्टेडियम में आयोजित इस महा जुटान के दौरान छात्रों ने साफ कर दिया, कि यह आंदोलन अब थमने वाला नहीं है. अभ्यर्थियों ने JSSC को अल्टीमेटम देते हुए कहा, कि जब तक वर्तमान CGL परीक्षा को पूरी तरह से रद्द करके नए सिरे से पारदर्शी तरीके से परीक्षा आयोजित करने की तारीख घोषित नहीं की जाती, तब तक उनका विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा.

मांग नहीं हुई पूरी तो रोजाना करेंगे धरना-प्रदर्शन  

छात्रों ने चेतावनी दी है, कि यदि उनकी मांगों को अविलंब पूरा नहीं किया गया, तो वे राजधानी की सड़कों पर उतरकर रोजाना धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी. वहीं, जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम और उसके आसपास के इलाकों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम देखे गए. जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई है. इस प्रदर्शन के कारण शहर के कुछ हिस्सों में यातायात की रफ्तार भी धीमी रही. बहरहाल, छात्रों के इस कड़े रुख के बाद अब सबकी नजरें झारखंड कर्मचारी चयन आयोग और राज्य सरकार के अगले कदम पर टिकी हैं.

यह भी पढ़ें: JPSC आंदोलन: जयपाल सिंह स्टेडियम में एयर गन लेकर पहुंचा युवक, पुलिस को देख भागने का प्रयास, पूछताछ जारी

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *