News Desk: रांची के पुंदाग रोड पर घरेलू गैस की किल्लत को लेकर आज लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. गैस नहीं मिलने से नाराज़ लोगों ने सड़क पर सिलेंडर रखकर पुंदाग रोड को जाम कर दिया, जिससे इलाके में यातायात पूरी तरह बाधित हो गया.
जानकारी के अनुसार, पुंदाग रोड स्थित आनंद गैस एजेंसी के बाहर सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग गैस सिलेंडर लेने के लिए जुटे थे. काफी देर तक इंतजार करने के बावजूद जब लोगों को गैस नहीं मिली, तो उनका धैर्य जवाब दे गया. इसके बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क पर अपने-अपने सिलेंडर रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया.

सड़क जाम होने के कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कई दिनों से गैस की आपूर्ति सही तरीके से नहीं हो रही है, जिसके कारण उन्हें बार-बार एजेंसी के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास शुरू किया। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को आश्वासन दिया कि उनकी समस्या का जल्द समाधान कराया जाएगा और गैस की आपूर्ति को सुचारू करने के लिए संबंधित विभाग से बात की जा रही है.
