Jamshedpur : जिले के बिष्टूपुर थाना क्षेत्र स्थित एक चर्चित पब में शनिवार देर रात उस समय सनसनी फैली, जब डांस फ्लोर पर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया. दो युवतियों से कथित छेड़छाड़ का विरोध करने पर दबंगों ने दो युवकों पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया. वारदात में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. जिन्हें इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना की हैरान करने वाली बात यह रही कि खून-खराबे और पुलिस के खौफ से बेपरवाह आरोपी पक्ष के लोग अस्पताल तक पहुंच गए. जहां इमरजेंसी वार्ड के बाहर दोनों पक्षों में दोबारा जमकर मारपीट हुई. इस घटना से अस्पताल परिसर में मौजूद मरीजों और उनके परिजनों में दहशत का माहौल बन गया.
डांस फ्लोर पर अभद्रता और पब के भीतर हंगामा
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बिष्टूपुर के डबल डाउन पब एंड बार में शनिवार को वीकेंड होने के कारण भारी भीड़ थी. देर रात पब में तेज संगीत पर लोग थिरक रहे थे. इसी दौरान पब के भीतर मौजूद कुछ युवकों ने वहां आई दो युवतियों के साथ कथित रूप से अभद्र व्यवहार और छेड़छाड़ शुरू कर दी. युवतियों के साथ मौजूद दोस्तों ने जब इस बात का कड़ा विरोध किया, तो आरोपी युवक उलझ गए. देखते ही देखते पब के भीतर गाली-गलौज और मुक्केबाजी शुरू हो गई. वीकेंड की पार्टी अचानक चीख-पुकार और अफरा-तफरी में बदल गई. जिससे पब के अंदर भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई. बाउंसर्स और सुरक्षाकर्मियों ने बीच-बचाव कर किसी तरह दोनों पक्षों को पब से बाहर निकाला.

बाहर निकलते ही सड़क पर मारपीट
पब के सुरक्षाकर्मियों को लगा कि मामला शांत हो गया है, लेकिन पब से बाहर निकलते ही विवाद ने और भी भयानक रूप अख्तियार कर लिया. आरोपी पक्ष ने फोन कर अपने कुछ अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया था. जैसे ही पीड़ित पक्ष पब के बाहर मुख्य सड़क पर आया, पहले से घात लगाए बैठे युवकों ने उन पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला बोल दिया. इस हिंसक झड़प में हमलावरों ने चाकू निकालकर ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिया. हमले में हिमांशु सिंह और प्रत्युष सिंह नामक दो युवक लहूलुहान होकर बीच सड़क पर गिर पड़े. वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत टाटा मुख्य अस्पताल ले जाया गया. घायलों को अस्पताल पहुंचाए जाने के कुछ ही देर बाद हमलावर पक्ष के लोग भी वहां पहुंच गए. अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड के ठीक बाहर दोनों पक्ष एक बार फिर आमने-सामने हो गए.
ALSO READ : रेलवे की पहल : जम्मू कश्मीर के ताजा आलूबुखारा अब चेन्नई और कोलकाता के बाजार में


