Chatra: प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन TSPC के सक्रिय एरिया कमांडर लक्ष्मण गंझू उर्फ मोछू उर्फ लखन गंझू को चतरा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने उसे लावालौंग थाना क्षेत्र के पारामातु गांव स्थित उसके घर से दबोचा. बताया जा रहा है कि वह गांव में आयोजित श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचा था. गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया.

गुप्त सूचना पर SIT ने की छापेमारी
एसपी अनिमेष नैथानी ने सोमवार को अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि TSPC का वांछित एरिया कमांडर लक्ष्मण गंझू श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अपने गांव पारामातु आने वाला है. सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए सिमरिया एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाऊसाहेब के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया.
घर से ही दबोचा गया उग्रवादी
SIT ने सूचना के आधार पर लावालौंग थाना क्षेत्र के पारामातु गांव में तत्काल छापेमारी की. पुलिस टीम ने लक्ष्मण गंझू को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के मुताबिक, वह लंबे समय से फरार चल रहा था और TSPC संगठन में सक्रिय भूमिका निभा रहा था.
2024 में दो पुलिस जवानों की हत्या के मामले में था वांछित
पुलिस के अनुसार, वर्ष 2024 में सदर थाना क्षेत्र में अफीम विनष्टीकरण अभियान से लौट रहे पुलिसकर्मियों पर घात लगाकर किए गए हमले की साजिश में लक्ष्मण गंझू की संलिप्तता सामने आई थी. इस हमले में दो पुलिस जवान शहीद हुए थे. घटना के बाद से ही पुलिस उसकी तलाश कर रही थी.
ALSO READ: 20 लाख का इनामी कुख्यात नक्सली रवींद्र गंझु के खिलाफ गवाही देने नहीं पहुंचा गवाह, अगली सुनवाई 31 को
आर्म्स एक्ट और UAPA समेत तीन मामले दर्ज
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ वशिष्ठनगर थाना और सदर थाना में कुल तीन मामले दर्ज हैं. उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट, यूएपीए और सीएलए एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है. पुलिस अब गिरफ्तार उग्रवादी से पूछताछ कर संगठन से जुड़े अन्य लोगों और उसकी गतिविधियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है.
गिरफ्तारी अभियान में ये पुलिसकर्मी रहे शामिल
गिरफ्तारी अभियान में सिमरिया SDPO नागरगोजे शुभम भाऊसाहेब, लावालौंग थाना प्रभारी चंदन कुमार, SI, विधायक प्रसाद यादव समेत लावालौंग थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे. पुलिस की इस कार्रवाई को TSPC के खिलाफ महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है.

