Hazaribagh: चंद्रगुप्त कोल परियोजना के प्रभावित एवं विस्थापित रैयतों के समस्याओं को लेकर बुधवार को कुरकुटिया मैदान, चट्टी बारियातू में रैयतों का बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता कोलेश्वर साव ने की, जबकि संचालन गुलदेव महतो ने किया.बैठक में मुख्य अतिथि के भारतीय जनता पार्टी झारखंड कार्यकारिणी सदस्य शिवलाल महतो तथा विशिष्ट अतिथि के गोविंद माली उपस्थित रहे. बैठक में प्रभावित ग्रामीणों ने बारी-बारी से अपनी समस्याएं और शिकायतें सामने रखीं. ग्रामीणों ने सीसीएल के चंद्रगुप्त कोल परियोजना के खनन गतिविधियों के कारण क्षेत्र की पर्यावरणीय स्थिति प्रभावित होने का आरोप लगाया. रैयतों ने कहा नदी के पानी के प्रदूषित होने से पशुओं के स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ रहा है. ग्रामीणों ने दावा किया कि प्रदूषित पानी के कारण आयें दिन पशुओं की मौत हो रही हैं.

विस्थापित युवाओं ने रोजगार का मुद्दा प्रमुखता उठाया
बैठक में स्थानीय विस्थापित युवाओं ने रोजगार का मुद्दा प्रमुखता से उठाया. युवाओं का कहना था कि वे लंबे समय से कंपनी के चक्कर लगा रहे हैं और रोजगार की मांग करते-करते थक चुके हैं. ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि स्थानीय विस्थापित रैयतों एवं युवाओं को अपेक्षित रोजगार नहीं मिल रहा, जबकि बाहरी लोगों को रोजगार दिया जा रहा हैं. बैठक में स्कूल और स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाली का मुद्दा भी उठाया गया. ग्रामीणों का कहना था कि चारों तरफ खनन गतिविधियों के कारण स्कूली बच्चों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. लोगों ने क्षेत्र में बेहतर स्कूल, अस्पताल और सुरक्षित आवागमन व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की. मुख्य अतिथि शिवलाल महतो ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीर बताते हुए कहा कि कंपनी को मनमाने तरीके से काम करने के बजाय प्रभावित रैयतों और स्थानीय लोगों की समस्याओं का समाधान करना चाहिए. उन्होंने कहा कि यदि स्थानीय लोगों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन किया जाएगा.
7 सितंबर कंपनी के खिलाफ घेराव कार्यक्रम की घोषणा
विस्थापित भू रैयतों ने 7 सितंबर 2026 को चंद्रगुप्त कोल परियोजना की एमडीओ कंपनी सुशी इंफ्रा के खिलाफ घेराव कार्यक्रम की घोषणा की है. उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में क्षेत्र के सातों प्रभावित गांवों के विस्थापित रैयतों और ग्रामीणों की भागीदारी होगी. रोजगार, मुआवजा, गैर मजूरवा जमीन को सत्यापन,विस्थापन नीति, प्रदूषण, ब्लास्टिंग से मकानों को नुकसान तथा स्थानीय युवाओं को रोजगार सहित सभी मुद्दों को लेकर कंपनी के समक्ष आवाज बुलंद की जाएगी. बैठक में उपस्थित कुलेश्वर साव,संतोष साव,छोटन सिंह,बैजनाथ महतो, अनील माली,अर्जलाल महतो,उपेंद्र कुमार, रामेश्वर यादव, लालो साव, खेमराज महतो समेत कई विस्थापित रैयत मौजूद थे.
ALSO READ : पलामू में ऑपरेशन प्रहार का बड़ा एक्शन; 121 किलो गांजा जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार

