Lohardaga: जिले में करीब 13 घंटे से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है. रात से शुरू हुई बारिश मंगलवार को दिनभर जारी रही. लगातार बारिश के कारण शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक कई जगह जलजमाव की स्थिति बन गई है और लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है. बारिश का सबसे ज्यादा असर स्कूली बच्चों पर देखने को मिला. सुबह स्कूल जाने वाले बच्चों को जलजमाव और फिसलन भरी सड़कों के बीच काफी परेशानी हुई. कई जगह सड़क पर पानी जमा होने के कारण बच्चों को पैदल चलने में भी दिक्कत हुई. अभिभावक भी बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आए. लगातार बारिश के कारण दिन में भी अंधेरा छाया रहा. कम दृश्यता के कारण वाहन चालकों को दिन में ही हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा. मुख्य सड़कों पर यातायात की रफ्तार धीमी रही, जबकि बाजारों में भी लोगों की आवाजाही कम देखने को मिली.


शंख समेत कई नदियां उफान पर
लगातार बारिश के कारण जिले की प्रमुख नदियों का जलस्तर बढ़ गया है. शंख नदी, सिठ्ठियो नदी और उगरा नदी उफान पर हैं. नदी किनारे रहने वाले लोगों में चिंता बढ़ गई है. प्रशासन की ओर से लोगों को नदी और जलधाराओं के पास नहीं जाने की अपील की गई है. बारिश के कारण ग्रामीण इलाकों के कच्चे रास्ते कीचड़ में तब्दील हो गए हैं. इससे लोगों के आवागमन में परेशानी हो रही है. किसानों का कहना है कि सामान्य बारिश से धान की फसल को फायदा होगा, लेकिन लगातार बारिश से खेतों में पानी भरने पर फसल को नुकसान भी हो सकता है.जिला प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है. लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है. लगातार बारिश जारी रहने पर निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति और गंभीर हो सकती है.
ALSO READ: पलामू में जलजमाव से परेशान स्कूली बच्चे, बोले- ‘सर! हमारा ड्रेस गंदा हो जाता है, पानी हटवा दीजिए’

