पटना में साइबर ठगी का बड़ा खुलासा, दिल्ली पुलिस ने दबोचे बाप-बेटे

Bihar: पटना और दिल्ली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है. एसटीएफ और दिल्ली पुलिस...

Bihar: पटना और दिल्ली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है. एसटीएफ और दिल्ली पुलिस की टीम ने जक्कनपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर डिजिटल अरेस्ट के जरिए लोगों से ठगी करने वाले पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है.

पिता-पुत्र की हुई गिरफ्तारी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनेर के मोहरी बगीचा निवासी अरविंद भारती और उनके पुत्र शनि कुमार के रूप में हुई है. कार्रवाई के बाद दोनों को ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली ले जाया गया, जहां उनसे आगे पूछताछ की जा रही है.

दिल्ली में दर्ज है साइबर ठगी का मामला

पुलिस के अनुसार, यह मामला दिल्ली सेंट्रल साइबर पुलिस स्टेशन में दर्ज एक बड़े साइबर फ्रॉड से जुड़ा हुआ है. जांच में सामने आया कि साइबर अपराधियों ने एक व्यक्ति को ‘डिजिटल अरेस्ट’ का डर दिखाकर लाखों रुपये की ठगी की थी.

Read Also: BREAKING- मुख्यमंत्री करेंगे सभी विभागों की समीक्षा, अधिकारियों को तैयारी का निर्देश

खातों में ट्रांसफर हुई थी ठगी की रकम

तकनीकी जांच के दौरान खुलासा हुआ कि ठगी की गई रकम में से करीब दो लाख रुपये आरोपियों अरविंद भारती और शनि कुमार के बैंक खातों में ट्रांसफर किए गए थे. इसके बाद दिल्ली पुलिस लगातार दोनों की तलाश में जुटी हुई थी.

मनेर से जक्कनपुर तक पहुंची जांच

सूत्रों के मुताबिक, जांच टीम सबसे पहले आरोपियों के पैतृक गांव मनेर पहुंची थी. वहां पता चला कि दोनों पिछले दो वर्षों से गांव में नहीं रह रहे थे. इसके बाद तकनीकी निगरानी और गुप्त सूचना के आधार पर जक्कनपुर में छापेमारी कर उन्हें गिरफ्तार किया गया.

मोबाइल और संदिग्ध डायरियां बरामद

पुलिस ने आरोपियों के ठिकाने की तलाशी के दौरान कई मोबाइल फोन, विभिन्न बैंकों से जुड़े दस्तावेज और संदिग्ध डायरियां बरामद की हैं. आशंका जताई जा रही है कि इन डायरियों में कई बैंक खातों और लेन-देन का रिकॉर्ड दर्ज है.

बड़े नेटवर्क से जुड़े होने का शक

फिलहाल दिल्ली पुलिस आरोपियों के बैंक खातों की गहन जांच कर रही है. पुलिस को संदेह है कि दोनों किसी बड़े साइबर फ्रॉड नेटवर्क का हिस्सा हो सकते हैं और इनके जरिए बड़े पैमाने पर अवैध लेन-देन किया गया है.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *