Jamtara : जिले के कुंडहित प्रखंड अंतर्गत अंबा गांव के बाउरी पाड़ा में मंगलवार को आम चुनने के दौरान हुए वज्रपात की घटना में गंभीर रूप से घायल किशोर दिनू दास (16 वर्ष) की इलाज के दौरान मौत हो गई. उसकी हालत नाजुक होने के कारण उसे बेहतर उपचार के लिए पश्चिम बंगाल के सिउड़ी सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां गुरुवार देर शाम उसने अंतिम सांस ली. वहीं शुक्रवार को शव के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया जारी है.
वज्रपात की चपेट में दो बच्चे मौत
जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर करीब दो बजे अंबा गांव में आंधी-तूफान और हल्की बारिश के दौरान आम चुन रहे पांच बच्चे वज्रपात की चपेट में आ गए थे. इस हादसे में एक 13 वर्षीय बच्ची की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी, जबकि दिनू दास गंभीर रूप से घायल हो गया था. प्राथमिक उपचार के बाद उसे सिउड़ी सदर अस्पताल रेफर किया गया था. परिजनों के अनुसार इलाज के दौरान दिनू की हालत लगातार गंभीर बनी हुई थी और गुरुवार देर शाम उसकी मौत हो गई. किशोर की मौत की खबर मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं ग्रामीणों ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए प्रशासन से उचित सहायता और मुआवजे की मांग की है. इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे अंबा गांव में मातम पसरा हुआ है. ग्रामीणों में शोक का माहौल है और सभी की संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं.
Also Read : पलामू: 21 जून को मनेगा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस, हाई स्कूल मैदान में सजेगा भव्य शिविर



