Noida : आज शनिवार, 28 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का लोकार्पण किया. इस एयरपोर्ट की नींव 25 नवंबर 2021 को प्रधानमंत्री ने ही रखी थी. लोकार्पण के बाद पीएम मोदी ने कहा, युवाओं को पता है कि यह जो काम हो रहा है, यह नौजवानों के भविष्य को नई उड़ान देने वाला काम है. आज हम विकसित यूपी, विकसित भारत अभियान का एक नया अध्याय शुरू कर रहे हैं.

यूपी सबसे अधिक एयरपोर्ट वाले राज्यों में एक : प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगे कहा, देश का सबसे बड़ा प्रदेश आज सबसे अधिक अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट वाले राज्यों में से एक बन गया है. आज मेरे लिए गर्व और प्रसन्नता के दो कारण हैं. जिसमें पहला, इस एयरपोर्ट का शिलान्यास करने का सौभाग्य भी मुझे मिला था और इसका उद्घाटन करने का सौभाग्य भी मुझे मिला है. दूसरा, जिस उत्तर प्रदेश ने मुझे प्रतिनिधि बनाया, सांसद बनाया, उस उत्तर प्रदेश की पहचान के साथ इस भव्य एयरपोर्ट का नाम भी जुड़ गया है.
ये भी पढ़ें : गढ़वा: बंशीधर नगर में अपराधियों ने दुकानदार को दुकान में घुसकर मारी गोली, एक हिरासत में
पीएम मोदी ने विपक्ष पर बोला हमला
पीएम मोदी ने कांग्रेस और सपा पर हमला बोलते हुए कहा, 2004 से 2014 तक, यह हवाई अड्डा फाइलों में दबा रहा. फिर सपा सरकार ने काम को आगे नहीं बढ़ने दिया. लेकिन जैसे ही यहां भाजपा सरकार बनी, नींव रखी गई और अब हवाई अड्डा चालू है.
अंधविश्वास के कारण पहले नोएडा नहीं आते थे सीएम : पीएम मोदी
प्रधानमंत्री ने कहा, नोएडा को पहले अंधविश्वास के कारण अपने हाल पर छोड़ दिया गया था, कुर्सी जाने के डर से पहले के सत्ताधारी यहां आने से डरते थे. मुझे याद है, जब यहां सपा सरकार थी और मैंने नोएडा आने का कार्यक्रम बनाया, तो मुख्यमंत्री इतने डरे हुए थे कि वे उस कार्यक्रम में नहीं आए. मुझे भी डराने की कोशिश की गई, कहा गया, “नोएडा मत जाइए, मोदी जी, अभी-अभी प्रधानमंत्री बने हैं.” मैंने कहा, “मैं उस धरती का आशीर्वाद लेने जा रहा हूं, जो मुझे लंबे अरसे तक सेवा करने का मौका देगी.”

वैश्विक संकट का एकजुट होकर सामना करें : प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री ने पश्चिम एशिया संकट को लेकर कहा, 140 करोड़ देशवासी कड़े से कड़ा परिश्रम करें और वैश्विक संकट का एकजुट होकर सामना करें. हमें शांत मन से, धैर्य और एकजुटता के साथ मिल-जुलकर इस संकट का सामना करना है. यह पूरे विश्व में परेशानी पैदा करने वाला संकट है, हमें अपने देश की सबसे ज्यादा चिंता करनी है, और यही हम भारतीयों की सबसे बड़ी ताकत है. मैं यूपी के और देश के सभी राजनीतिक दलों से आग्रहपूर्वक कहना चाहता हूं कि ऐसे संकट के समय ऐसी बातें करने से बचें जो देश के लिए नुकसानदायक हों. जो भारत और भारतीयों के हित में है, वही भारत सरकार की रणनीति है.
ये भी पढ़ें : पलामू में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: DJ कंपटीशन पर कसा शिकंजा, दो बड़े डीजे जब्त
भारत ने तेज विकास निरंतर जारी रखा : पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा, आज पूरा विश्व चिंतित है, पश्चिम एशिया में एक महीने से युद्ध चल रहा है. युद्ध की वजह से कई देशों में खाने-पीने का सामान, पेट्रोल, डीजल, गैस, खाद जैसी कई जरूरी चीजों का चारों तरफ संकट पैदा हो गया है. हर देश इस संकट का सामना करने की कोशिश कर रहा है, और हमारा भारत भी पूरी शक्ति से इसका मुकाबला कर रहा है. देशवासियों की ताकत के भरोसे कर रहा है. भारत बड़ी मात्रा में कच्चा तेल और गैस युद्ध-प्रभावित क्षेत्रों से मंगाता है. इसलिए सरकार हर वह कदम उठा रही है, जिससे सामान्य परिवारों और हमारे किसान भाई-बहनों पर बोझ न पड़े. संकट के इस समय में भी भारत ने अपने तेज विकास को निरंतर जारी रखा है.
