ऑनलाइन गेम की लत ने बनाया ठग, युवक पर लाखों की ठगी का आरोप, पिता ने लोगों से किया सावधान रहने का आग्रह

Hazaribagh: केरेडारी प्रखंड क्षेत्र के ओमे गांव निवासी एक युवक पर ऑनलाइन गेम की लत के चलते लाखों रुपये की ठगी करने...

Hazaribagh: केरेडारी प्रखंड क्षेत्र के ओमे गांव निवासी एक युवक पर ऑनलाइन गेम की लत के चलते लाखों रुपये की ठगी करने का गंभीर आरोप सामने आया है. जानकारी के अनुसार, युवक ने अपने पिता की करीब 20 लाख रुपये की संपत्ति ऑनलाइन गेम में गंवा दी.

कई लोगों से ठगी के आरोप

इसके अलावा उसने रिश्तेदारों से लगभग 7 लाख रुपये, अपने गांव के लोगों से 2.50 लाख रुपये, ऑनलाइन गेम लाइसुकवर से 40 हजार, बरही के एक होटल (आरके होटल) से 1 लाख रुपये तथा चतरा के एक अन्य होटल से करीब 2 लाख रुपये की ठगी की है.

पिता ने प्रशासन से लगाई गुहार

बताया जा रहा है कि आरोपी युवक गणेश के पिता फूलन साव पेशे से सवारी गाड़ी चलाते हैं. अपने बेटे की हरकतों से परेशान पिता कई बार उसे जेल भेजने के लिए प्रशासन से गुहार लगा चुके हैं. उन्होंने बेटे की पढ़ाई के लिए उसे कई शहरों में भेजकर एमए तक पढ़ाया, लेकिन अब वही बेटा उनके लिए परेशानी का कारण बन गया है.

Also Read: मौसम अलर्ट : रांची समेत चार जिलों में येलो अलर्ट, अगले 1 से 3 घंटे में गरज-तूफान और बारिश की चेतावनी

ठगी का तरीका आया सामने

पीड़ितों का आरोप है कि युवक पहले लोगों का विश्वास जीतता है, फिर मां-बाप के एक्सीडेंट का बहाना बनाकर पैसे की मांग करता है.

होटल संचालक भी बने निशाना

पहले वह अपने गांव और आसपास के क्षेत्रों में ठगी करता था, लेकिन अब होटल संचालकों को निशाना बना रहा है. ठगी के शिकार लोगों ने आरोपी के पिता को भी जान से मारने की धमकी देना शुरू कर दिया है, जिससे परिवार में भय का माहौल है.

पिता ने लोगों से की अपील

पिता फूलन साव ने अपने बेटे की तस्वीर साझा कर मीडिया के माध्यम से लोगों से अपील की है कि जहां भी कोई व्यक्ति उसे देखे, पुलिस को सूचना दें और उससे सावधान रहें. उन्होंने कहा कि उनका बेटा लोगों को झांसा देकर पैसे ठगना अपना पेशा बना चुका है.

पहले मेधावी छात्र था युवक

स्थानीय लोगों के अनुसार, वर्ष 2020 से पहले गणेश एक मेधावी छात्र के रूप में जाना जाता था, लेकिन अब उसकी हरकतों से पूरा परिवार और क्षेत्र के लोग परेशान हैं.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *