रांची: झारखंड पुलिस अब अपनी कार्यशैली के साथ-साथ अपनी छवि को लेकर भी गंभीर नजर आ रही है. DGP कार्यालय द्वारा राज्य के सभी जिलों के पुलिस एसपी को एक महत्वपूर्ण निर्देश जारी किया गया है. इस निर्देश के तहत अब राज्य के हर थाने को अपने द्वारा किए गए सकारात्मक कार्यों और उपलब्धियों का व्यापक प्रचार-प्रसार करना होगा.

झारखंड पुलिस मुख्यालय ने इसे किया अनिवार्य
यह निर्णय साल 2025 में आयोजित पुलिस डीजीपी/आईजी सम्मेलन की अनुशंसा संख्या 25 को लागू करने के उद्देश्य से लिया गया है. गृह मंत्रालय (BPR&D) द्वारा भेजे गए निर्देशों के आलोक में झारखंड पुलिस मुख्यालय ने इसे अनिवार्य कर दिया है.
जनता के सामने लाना होगा अच्छे काम
पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी पत्र के अनुसार, प्रत्येक थाने को थाने में होने वाले अच्छे कार्यों, जैसे अपराधियों को पकड़ना, खोए हुए बच्चों को मिलाना या किसी पीड़ित की विशेष मदद करने जैसी घटनाओं को जनता के सामने लाना होगा.
ऐसे किया जाएगा प्रसारित
स्थानीय प्रभावशाली व्यक्तियों और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के माध्यम से पुलिस के मानवीय चेहरे और सामुदायिक कार्यों को प्रसारित किया जाएगा. थाने और जिला पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल्स (X, Facebook, Instagram) और विभागीय वेबसाइट का सक्रिय रूप से उपयोग किया जाएगा.

