रांची: रांची नगर निगम ने शहर में राजस्व चोरी और भवन नियमों के उल्लंघन के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए सघन जांच अभियान शुरू किया है. इसी अभियान के तहत बुधवार (11 मार्च) को नगर निगम की राजस्व शाखा और नगर निवेशक शाखा की संयुक्त टीम ने शहर के दो बड़े स्वास्थ्य संस्थानों की जांच की, जिसमें भारी अनियमितताएं सामने आई हैं.

नगर निगम की टीम ने निरीक्षण के दौरान होल्डिंग, ट्रेड लाइसेंस, घोषित क्षेत्रफल, भवन का उपयोग, सड़क की चौड़ाई, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, स्वीकृत नक्शा, सेटबैक एरिया और भूमि उपयोग से जुड़े सभी बिंदुओं की गहन जांच की.
सृष्टि हॉस्पिटल में 10 हजार वर्गफीट से ज्यादा क्षेत्र छिपाने का मामला
हिनू स्थित सृष्टि हॉस्पिटल की जांच के दौरान बड़ा अंतर सामने आया. अस्पताल प्रबंधन ने नगर निगम को भवन का क्षेत्रफल 14,100 वर्गफीट बताया था, जबकि स्थल निरीक्षण में वास्तविक क्षेत्रफल 24,870 वर्गफीट पाया गया. यानी करीब 10,770 वर्गफीट क्षेत्रफल की जानकारी नगर निगम से छिपाई गई, जो रिकॉर्ड से मेल नहीं खाती.
संतति IVF व लिटिल हार्ट हॉस्पिटल में भी बड़ी गड़बड़ी
अरगोड़ा चौक स्थित संतति (SANTATI) IVF एवं लिटिल हार्ट हॉस्पिटल में भी जांच के दौरान बड़ा अंतर मिला. संस्थान ने नगर निगम को 19,700 वर्गफीट क्षेत्रफल घोषित किया था, जबकि जांच में वास्तविक क्षेत्रफल 32,127 वर्गफीट पाया गया. इस तरह करीब 12,427 वर्गफीट का अंतर सामने आया.
नक्शा कुछ और, बना दिया G+3 कमर्शियल बिल्डिंग
नगर निवेशक शाखा की जांच में इस भवन से जुड़ी कई अन्य गंभीर गड़बड़ियां भी सामने आईं.
भवन मालिक ने G+2 (रेजिडेंशियल-कम-कमर्शियल) का नक्शा पास कराया था.
लेकिन मौके पर G+3 भवन का निर्माण पाया गया.
स्वीकृत रेजिडेंशियल भूमि पर पूरी तरह कमर्शियल गतिविधि (अस्पताल) चल रही है.
परिसर में पार्किंग की व्यवस्था नहीं है, जिससे सड़क पर वाहन खड़े होते हैं और जाम की समस्या बनती है.
सेटबैक एरिया में भी बड़े पैमाने पर अतिक्रमण पाया गया.
नगर निगम ने दी सख्त चेतावनी
रांची नगर निगम ने साफ कहा है कि शहर में राजस्व चोरी, अवैध निर्माण और भवन मानकों के उल्लंघन को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
इन दोनों संस्थानों के खिलाफ झारखंड नगरपालिका अधिनियम 2011 के तहत दंडात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.

