रांची: झारखंड में साइबर अपराधियों के हौसले बुलंद हैं, लेकिन सीआईडी की साइबर क्राइम थाना पुलिस भी इन ठगों पर नकेल कसने में पूरी मुस्तैदी से जुटी है. रांची स्थित साइबर अपराध विभाग ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब 20 लाख रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को हजारीबाग से गिरफ्तार किया है.
क्या है पूरा मामला?
यह मामला सीआईडी के साइबर क्राइम थाना कांड संख्या 141/25 से जुड़ा है, पीड़ित ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसने गैस कनेक्शन लेने के लिए गूगल सर्च इंजन पर ‘GAIL INDIA CUSTOMER CARE’ का नंबर खोजा था. सर्च रिजल्ट में आए एक फर्जी नंबर पर कॉल करने के बाद, ठगों ने खुद को गेल इंडिया का प्रतिनिधि बताया. जालसाजों ने वादी को विश्वास में लेकर व्हाट्सएप पर एक फर्जी लिंक भेजा.
जैसे ही वादी ने उस लिंक पर क्लिक किया, उनके बैंक खाते में सेंध लग गई और कुल 19.85 लाख रुपया अवैध रूप से ट्रांसफर कर लिए गए. इस मामले में सीआईडी ने तीन लोगों को पकड़ा जिनमें रवि कुमार साव, सूरज कुमार ठाकुर और सागर कुमार यादव शामिल है. इनके पास से अपराध में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन, सिम कार्ड और कई अन्य डिजिटल साक्ष्य बरामद किए है.
यह भी पढ़ें: गढ़वा में गैस संकट: पुलिस मेस 10 दिनों से बंद, जवानों के सामने भोजन संकट
