सिमडेगा: विश्व यक्ष्मा दिवस के अवसर पर सिमडेगा स्वास्थ्य विभाग द्वारा जागरूकता रैली का आयोजन किया गया. रैली की शुरुआत सदर अस्पताल परिसर से हुई, जहां जिला यक्ष्मा पदाधिकारी सिल्वंत एक्का ने हरी झंडी दिखाकर इसे रवाना किया.


शहर के प्रमुख चौकों से गुजरी रैली
रैली सदर अस्पताल से निकलकर झूलन सिंह चौक, महावीर चौक और बुधु भगत चौक होते हुए पुनः सदर अस्पताल पहुंचकर संपन्न हुई.
नारे लगाकर किया जागरूक
रैली के दौरान एएनएम प्रशिक्षण स्कूल की छात्राओं ने यक्ष्मा से बचाव और उपचार से संबंधित नारे लगाकर लोगों को जागरूक किया. उन्होंने बताया कि टीबी एक संक्रामक बीमारी है, लेकिन समय पर जांच और नियमित इलाज से इसे पूरी तरह ठीक किया जा सकता है.
टीबी के लक्षणों पर ध्यान देने की अपील
इस अवसर पर जिला यक्ष्मा पदाधिकारी ने कहा कि लोगों को टीबी के लक्षण जैसे लगातार खांसी, बुखार, वजन घटना आदि को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए और तुरंत जांच करानी चाहिए.
मुफ्त जांच और इलाज की सुविधा
उन्होंने यह भी बताया कि सरकार द्वारा टीबी के मरीजों को मुफ्त जांच और दवा की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है.
अस्पताल में अन्य कार्यक्रम आयोजित
कार्यक्रम के तहत सदर अस्पताल में जागरूकता से जुड़े अन्य कार्यक्रम भी आयोजित किए गए, जिसमें स्वास्थ्यकर्मियों और आम लोगों ने भाग लिया.

