रांची: रसोई गैस इस्तेमाल करने वाले लाखों उपभोक्ताओं के लिए बड़ी खबर है. अब LPG सिलेंडर की डिलीवरी को लेकर नए नियम लागू कर दिए गए हैं. तेल कंपनियों ने सप्लाई सिस्टम को और सख्त और नियंत्रित बना दिया है, जिससे अब गैस पहले की तरह तुरंत नहीं मिलेगी.
डिलीवरी सिस्टम में बड़ा बदलाव
अब गैस सिलेंडर की डिलीवरी पहले की तरह तुरंत नहीं होगी. तेल कंपनियों ने वितरण व्यवस्था को नियंत्रित करते हुए तय अंतराल के बाद ही रिफिल देने का फैसला किया है.
तय समय के बाद ही मिलेगा अगला सिलेंडर
नए नियमों के मुताबिक, एक सिलेंडर रखने वाले उपभोक्ताओं को 25 दिन बाद ही अगला सिलेंडर मिलेगा. वहीं दो सिलेंडर वाले उपभोक्ताओं को 35 दिन का इंतजार करना होगा.
उज्ज्वला योजना उपभोक्ताओं के लिए अलग नियम
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना से जुड़े उपभोक्ताओं के लिए यह अवधि 45 दिन तय की गई है, ताकि सभी उपभोक्ताओं तक गैस की आपूर्ति संतुलित तरीके से हो सके.
कॉमर्शियल सिलेंडर पर भी नियंत्रण
कॉमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई पर भी अब नियंत्रण लगाया गया है. फिलहाल इसकी आपूर्ति सीमित करते हुए केवल आपात सेवाओं और शैक्षणिक संस्थानों को प्राथमिकता दी जा रही है.
Bharat Petroleum का सख्त नियम
Bharat Petroleum ने भी वितरण व्यवस्था में सख्ती बढ़ा दी है. जिन उपभोक्ताओं ने सालाना 12 सिलेंडर का कोटा पूरा कर लिया है, उन्हें अब अतिरिक्त सिलेंडर के लिए कारण बताना होगा.
Hello BPCL से देनी होगी जानकारी
अब अतिरिक्त सिलेंडर लेने के लिए उपभोक्ताओं को Hello BPCL ऐप के जरिए जानकारी देनी होगी. बुकिंग के दौरान पूछा जाएगा कि क्या घर में ज्यादा सदस्य हैं, मेहमान आए हैं या कोई विशेष आयोजन है.
नई व्यवस्था का मकसद
सरकार और तेल कंपनियों का कहना है कि इस नई व्यवस्था का उद्देश्य गैस की उपलब्धता को संतुलित रखना और जरूरतमंद उपभोक्ताओं तक समय पर आपूर्ति सुनिश्चित करना है.
