रांची: भारतीय जनता पार्टी के 47वें स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर राजधानी रांची में भाजपा ने अपनी संगठनात्मक ताकत का प्रभावी प्रदर्शन किया. रांची स्थित प्रदेश कार्यालय में आयोजित भव्य मिलन समारोह में हटिया विधानसभा क्षेत्र के युवा समाजसेवी सुमित साहू के नेतृत्व में सैकड़ों युवाओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की. इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने नए सदस्यों को पार्टी का पट्टा पहनाकर उनका औपचारिक स्वागत किया.
विचारधारा आधारित पार्टी है भाजपा: आदित्य साहू
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने नवप्रवेशी युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि युवा ही देश और राज्य के भविष्य के वास्तविक शिल्पकार हैं. उन्होंने कहा कि समाज का हर वर्ग भाजपा से जुड़कर अपने भविष्य को नई दिशा दे सकता है. भाजपा का मूल मंत्र समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना है, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बीते 11 वर्षों से धरातल पर उतार रहे हैं.
इस दौरान उन्होंने राज्य की वर्तमान सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि झारखंड में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है. जनता त्राहि-त्राहि कर रही है, जबकि सरकार अपनी जिम्मेदारियों से दूर अन्य कार्यों में व्यस्त है. उन्होंने पुलिस और प्रशासन पर जनसेवा के बजाय वसूली में संलिप्त होने का भी आरोप लगाया.
ALSO READ: झरिया में कोयला चोरों का दुस्साहस, स्पेशल ब्रांच ASI और पत्नी पर जानलेवा हमला
भाजपा शासन में ही हुआ आधारभूत विकास: बाबूलाल मरांडी
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने स्थापना दिवस से पूर्व आयोजित इस मिलन समारोह को पार्टी के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताया. उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में युवाओं का भाजपा से जुड़ना इस बात का प्रमाण है कि पार्टी की विचारधारा गांव-गांव तक पहुंच रही है. उन्होंने दावा किया कि झारखंड में सड़कों, बिजली और पुल-पुलिया का व्यापक विकास केवल भाजपा सरकारों के कार्यकाल में ही संभव हुआ है.
मरांडी ने वर्तमान राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि विकास के बजाय सरकार केवल अपनी प्राथमिकताओं में उलझी हुई है और जनता के मुद्दों की अनदेखी की जा रही है.
युवाओं के जुड़ाव से संगठन को मिलेगी नई ऊर्जा
विधानसभा के मुख्य सचेतक सह हटिया विधायक नवीन जायसवाल ने कहा कि युवाओं के इस बड़े जुड़ाव से न केवल हटिया विधानसभा बल्कि पूरे राज्य में भाजपा को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी. उन्होंने इसे संगठन विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया.
वहीं, भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने वाले सुमित साहू ने कहा कि राष्ट्रहित में कार्य करने वाली पार्टी भाजपा ही है और इससे जुड़ना उनके लिए गर्व और सौभाग्य की बात है. उन्होंने युवाओं से भी राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की.
