बोकारो: बोकारो की 44 वर्षीय एक महिला के दिमाग में बने ट्यूमर की सफल सर्जरी कर डॉक्टरों ने उसे नई जिंदगी दी है. ऑपरेशन के बाद मरीज की हालत में तेजी से सुधार हुआ और अब उसे अस्पताल से चलते-फिरते घर जाने की छुट्टी दे दी गई है.
यह जटिल सर्जरी प्रसिद्ध न्यूरो सर्जन डॉ. अशोक मुंडा ने की है. डॉक्टरों के अनुसार महिला के दिमाग में ट्यूमर उस हिस्से में था, जो बाईं कनपटी के अंदर गहराई में स्थित था. इस जगह पर ऑपरेशन करना काफी चुनौतीपूर्ण माना जाता है, लेकिन विशेषज्ञ टीम ने सफलतापूर्वक सर्जरी कर ट्यूमर को निकाल दिया.
डॉक्टरों ने बताया कि मरीज को पिछले कुछ समय से सिर में तेज दर्द और असहजता की शिकायत थी. जांच के बाद पता चला कि उसके ब्रेन में ट्यूमर है. इसके बाद डॉक्टरों की टीम ने सर्जरी करने का फैसला लिया. ऑपरेशन के दौरान एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. नीरज, डॉ. वसुधा और डॉ. कौशल की टीम ने पूरी प्रक्रिया की निगरानी की और मरीज की स्थिति पर लगातार नजर रखी. टीमवर्क और सावधानी के साथ ऑपरेशन को सफलतापूर्वक पूरा किया गया. सर्जरी के बाद मरीज की हालत लगातार बेहतर होती गई. डॉक्टरों की निगरानी में कुछ दिनों तक इलाज चलने के बाद जब उसकी स्थिति पूरी तरह स्थिर हो गई तो उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई.
यह भी पढ़ें: धनबाद: एलपीजी गैस को लेकर अफवाह, एजेंसियों पर उमड़ी भीड़
