रांची: झारखंड एसीबी ने जेल में बंद निलंबित IAS अधिकारी विनय चौबे उनकी पत्नी स्वप्ना संचिता, विनय सिंह उनकी पत्नी स्निग्धा सिंह समेत विनय चौबे के साले और सरहज एवं ससुर के ऊपर दर्ज आय से अधिक संपत्ति केस की जांच कर रही है. एजेंसी ने शनिवार को विनय सिंह और उनकी पत्नी स्निग्धा सिंह को समन भेजकर पूछताछ में शामिल होने के लिए बुलाया था, लेकिन स्निग्धा सिंह सोमवार को अब तक पूछताछ में शामिल होने के लिए नहीं पहुंची. हालांकि विनय सिंह एसीबी की पूछताछ में शामिल होने के लिए एसीबी मुख्यालय पहुंच चुके हैं और उनसे पूछताछ शुरू कर दी गई है. बता दें कि जेल में बंद निलंबित आईएएस अधिकारी विनय चौबे उनकी पत्नी और ऑटोमोबाइलों कारोबारी विनय सिंह एवं उनकी पत्नी समेत कई अन्य लोगों के ऊपर एसीबी ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज की है. इस मामले की जांच में एजेंसी को अब तक कई बेनामी और बेशकीमती संपत्तियों की जानकारी मिली है.


