गिरिडीह : बगोदर-सरिया मुख्य मार्ग पर अंबाडीह मोड़ के पास रविवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया. जानकारी के अनुसार देवघर से रांची जा रही यात्रियों से भरी विजय रथ बस बगोदर की ओर जा रही थी, जबकि बाइक सवार सरिया की दिशा में आगे बढ़ रहा था. इसी दौरान अंबाडीह के पास बस और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जुट गई.
घायल युवक का अस्पताल में चल रहा इलाज
हादसे में बाइक सवार अफरोज अंसारी (26 वर्ष), निवासी बिरनी, गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है. टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है.
