चतरा: जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है. सदर प्रखंड के गंधारिया गांव निवासी और पशुपालन विभाग के कुशल चिकित्सक योगेंद्र यादव की अज्ञात अपराधियों ने हत्या कर दी. शनिवार सुबह उनका शव तपेज क्षेत्र के तुड़ाग गांव के समीप बरामद हुआ, जिसके बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है.
शुक्रवार शाम से लापता थे डॉक्टर:
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, योगेंद्र यादव शुक्रवार की शाम घर आए थे और परिवार के लिए सब्जी पहुंचाई थी. इसके कुछ देर बाद उन्होंने परिजनों को बताया कि वे किसी काम से ऊंटा गांव की ओर जा रहे हैं. जब देर रात तक वे वापस नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की और उनके मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला.
झाड़ियों में मिला शव, पुलिस जांच में जुटी:
शनिवार की सुबह ग्रामीणों ने तुड़ाग गांव के पास एक अज्ञात शव पड़ा देखा, जिसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई. मौके पर पहुंचे परिजनों ने मृतक की पहचान योगेंद्र यादव के रूप में की. घटना की गंभीरता को देखते हुए सदर एसडीपीओ संदीप सुमन और स्थानीय थाना प्रभारी दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे.पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की छानबीन शुरू कर दी है.
ग्रामीणों में भारी आक्रोश:
योगेंद्र यादव न केवल सरकारी विभाग में कार्यरत थे, बल्कि क्षेत्र में एक मिलनसार और कुशल मवेशी डॉक्टर के रूप में काफी लोकप्रिय थे. उनकी हत्या की खबर फैलते ही गंधारिया और आसपास के गांवों के लोग बड़ी संख्या में एकत्र हो गए. ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है.
