चतरा: जिले में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए विकास कुमार हत्याकांड की गुत्थी को महज 12 घंटों के भीतर सुलझा लिया है. पुलिस ने इस मामले में एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. हत्याकांड के पीछे प्रेम-प्रसंग का विवाद मुख्य कारण बनकर सामने आया है. यह घटना 13 मार्च की शाम करीब छह बजे की है. केरेडारी निवासी विकास कुमार चतरा न्यायालय में तारीख पर आए थे. जब वे वापस अपने घर लौट रहे थे, तभी जवाहर नवोदय विद्यालय से महज 100 मीटर की दूरी पर अज्ञात अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाया और गोली मारकर उनकी हत्या कर दी. इस सनसनीखेज वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया था.

विशेष छापेमारी दल का गठन किया
हत्या की सूचना मिलते ही एसपी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया. टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचनाओं के आधार पर रात भर छापेमारी की. घटना के 12 घंटे बीतने से पहले ही दो मुख्य आरोपियों को दबोच लिया गया.
पुलिस जांच में यह बात साफ हुई है कि विकास कुमार की हत्या किसी पुरानी रंजिश या लूटपाट के इरादे से नहीं, बल्कि प्रेम-प्रसंग के चलते की गई थी. आरोपियों ने एक सोची-समझी साजिश के तहत विकास को रास्ते से हटाने की योजना बनाई और मौका पाकर वारदात को अंजाम दिया.
पुलिस ने इस मामले में लीला देवी (38 वर्ष): पति- आदित्य साव, निवासी- कूड़ालोगां, टंडवा और राजेश घांसी (36 वर्ष): पिता- बीरेन्द्र घांसी, निवासी- उपटापानी, टंडवा को गिरफ्तार किया.
यह भी पढ़ें: रांची : शराब घोटाले में होने जा रहा है अहम खुलासा, घोटाले के आरोपी ने कहा- “सचिव भी लेते थे वसूली की रकम”

