Giridih: के टावर चौक में मंगलवार को ठेला लगाने को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई. मामूली कहासुनी से शुरू हुआ विवाद लाठी-डंडों तक पहुंच गया, जिससे सड़क जाम हो गई और इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
ठेला लगाने को लेकर बढ़ा विवाद
नगर थाना क्षेत्र के व्यस्त टावर चौक पर प्रथम पक्ष के छोटू ने ठेला लगाकर फल बेचना शुरू किया. तभी दूसरे पक्ष के मोहम्मद राजा व उसके भाई पहुंचे और ठेले के ठीक आगे अपना ठेला लगाने लगे. इससे दोनों पक्षों में बहस हो गई, जो धक्का-मुक्की और फिर लाठी-डंडों से हमले में बदल गई.
Also Read: सघन वाहन जांच में बड़ी कार्रवाई, 38 वाहनों पर जुर्माना, 1.58 लाख की वसूली
देखते ही देखते बना रणक्षेत्र
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दूसरे पक्ष के लोगों ने आक्रोश में छोटू व उसके साथियों पर डंडों से प्रहार किया. देखते ही देखते इलाका रणक्षेत्र बन गया. दुकानदारों व राहगीरों में दहशत फैल गई और सड़क पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई. स्थानीय लोगों और आसपास के दुकानदारों ने काफी मशक्कत कर दोनों पक्षों को शांत कराया.
गंभीर चोट नहीं, लेकिन बढ़ रही चिंता
गनीमत रही कि कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ, हालांकि कुछ लोगों को मामूली चोटें आईं. स्थानीय निवासियों ने बताया कि भीड़भाड़ वाले इस चौक पर ठेला विवाद आम हैं. एक ओर निगम अतिक्रमण हटा रहा है, वहीं ऐसे झगड़े बढ़ रहे हैं. प्रशासन से ठोस कार्रवाई की मांग उठी है.
