रांची : डीएवी पब्लिक स्कूल, गाँधीनगर में कक्षा आठवीं से बारहवीं तक के नए शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ उत्साह और उमंग के साथ किया गया. विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों की चहल-पहल और ऊर्जा से माहौल जीवंत हो उठा. सत्र के प्रथम दिन विशेष हवन और प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम और लक्ष्य निर्धारण के महत्व के बारे में प्रेरित किया गया. प्राचार्य प्रदीप कुमार झा ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि डीएवी शिक्षा के साथ-साथ संस्कारों का भी विकास करता है और यह नया सत्र नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा.
विद्यार्थियों को दी गई मेहनत और सकारात्मक सोच की सीख
प्राचार्य ने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन और सकारात्मक सोच अपनाने की सलाह दी. शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें कठिन परिश्रम और लगन से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया. नए सत्र के साथ ही कक्षाओं का नियमित संचालन शुरू कर दिया गया है. विद्यालय प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों के समग्र विकास में सहयोग करें और उन्हें पढ़ाई के प्रति प्रेरित करते रहें, जिससे विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और सीखने की ललक बनी रहे.
