Ranchi: शनिवार को समाहरणालय में उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में जिला रिव्यू कमिटी की बैठक आयोजित की गई. बैठक में जिले के सभी अंचलों के अंचल अधिकारी (सीओ), अंचल निरीक्षक (सीआई) और संबंधित राजस्व कर्मी मौजूद रहे.
पेंडिंग मामलों के जल्द निपटारे का निर्देश
बैठक के दौरान लंबित म्यूटेशन (दाखिल-खारिज) आवेदनों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने कड़ा रुख अपनाया. उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी पेंडिंग मामलों का जल्द से जल्द निबटारा सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम जनता को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े.
ALSO READ: खौफ के साये में गवाह: न्याय की राह में सफेदपोश और अपराधियों का पहरा
देरी बर्दाश्त नहीं, समयबद्ध कार्य पर जोर
उपायुक्त ने कहा कि म्यूटेशन से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी. सभी अंचल अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से कार्य निष्पादन करने और लंबित मामलों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए.
लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
बैठक में राजस्व कार्यों की पारदर्शिता और गति बढ़ाने पर भी जोर दिया गया. अधिकारियों को चेतावनी दी गई कि लापरवाही बरतने वाले कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
जल्द समाधान से लोगों को मिलेगी राहत
प्रशासन की इस सख्ती से उम्मीद जताई जा रही है कि जिले में लंबित म्यूटेशन मामलों का जल्द समाधान होगा और आम लोगों को बड़ी राहत मिलेगी.
