Gumla: जिले में चल रहे विकासात्मक कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति का जायजा लेने के लिए उप विकास आयुक्त (DDC) अनिमेष रंजन ने बुधवार को रायडीह और घाघरा प्रखंड क्षेत्र का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन और नवनिर्मित सरकारी भवनों के साथ-साथ कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का भी दौरा किया.
आयुष्मान भवनों के निर्माण कार्य की जांच
निरीक्षण के क्रम में उप विकास आयुक्त ने रायडीह में निर्माणाधीन आयुष्मान भवन और घाघरा में नवनिर्मित आयुष्मान भवन का निरीक्षण किया. उन्होंने भवन निर्माण की गुणवत्ता, कार्य की प्रगति और निर्धारित मानकों के पालन की जानकारी ली.डीडीसी ने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को निर्देश दिया कि निर्माण कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने कहा कि सभी कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा के अंदर पूरे किए जाएं.

कस्तूरबा विद्यालय में छात्राओं से किया संवाद
इसके बाद उप विकास आयुक्त ने घाघरा स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का निरीक्षण किया. यहां उन्होंने छात्राओं से बातचीत कर उनकी पढ़ाई, भविष्य की योजनाओं और विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली.उन्होंने छात्राओं को मन लगाकर पढ़ाई करने, लक्ष्य निर्धारित करने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया. साथ ही छात्राओं से विद्यालय में आने वाली समस्याओं और आवश्यकताओं के बारे में भी जानकारी प्राप्त की.


विद्यालय की सुविधाओं को लेकर दिए निर्देश
डीडीसी ने विद्यालय के प्रधानाध्यापक और संबंधित अधिकारियों से आधारभूत सुविधाओं, उपलब्ध संसाधनों और आवश्यकताओं की जानकारी ली. उन्होंने बेहतर व्यवस्थाओं के लिए आवश्यक कदम उठाने का भरोसा दिलाया.

विकास कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता पर जोर
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त ने रायडीह और घाघरा प्रखंड में चल रहे अन्य विकास कार्यों का भी जायजा लिया. उन्होंने अधिकारियों और कार्यदायी एजेंसियों को निर्देश दिया कि सभी योजनाओं में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए.

