Deoghar : नगर थाना क्षेत्र के प्रतिष्ठित बंपास टाउन मोहल्ला में बेखौफ अपराधियों ने चोरी की एक बड़ी वारदात को अंजाम देकर शहर में सनसनी फैला दी है. रविवार देर रात चोरों ने शहर के सबसे पुराने ईंट और गिट्टी व्यवसायी पवन सर्राफ के आवास को निशाना बनाया. अपराधियों ने बेहद शातिराना अंदाज में खिड़की की लोहे की रॉड उखाड़कर घर में प्रवेश किया और करीब 800 ग्राम सोने के आभूषण, साढ़े चार किलोग्राम चांदी (जिसमें लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां भी शामिल हैं) और चार लाख रुपये नकद समेटकर फरार हो गए. चोरी गई कुल संपत्ति का आकलन करोड़ों रुपये में किया जा रहा है.
रात 12 बजे आई थी आवाज, सुबह खुला खौफनाक राज:
गृह स्वामी पवन सर्राफ की बेटी निकिता सर्राफ के अनुसार, घटना की रात परिवार के सभी सदस्य उनके पिता, मां और वह स्वयं घर में ही मौजूद थे. घर की सुरक्षा के लिए मुख्य द्वार पर नाइट गार्ड भी तैनात था. रात करीब 12 बजे घर के अंदर से कुछ आहट सुनाई दी थी, लेकिन हमने उसे सामान्य हलचल समझकर अनदेखा कर दिया और सो गए. सुबह लगभग 5:30 बजे जब हमारी नींद खुली, तो हमने देखा कि कमरे का दरवाजा अंदर से बंद है, जबकि उस कमरे को हमेशा बाहर से ताला लगाकर बंद किया जाता था. संदेह होने पर जब नाइट गार्ड को मकान के पिछले हिस्से में जांच के लिए भेजा गया, तो चोरी का पता चला. गार्ड ने देखा कि खिड़की की छड़ें (रॉड) उखड़ी हुई थीं और अंदर का सारा सामान बिखरा पड़ा था. इसके बाद गार्ड उसी टूटी हुई खिड़की के रास्ते कमरे में घुसा और अंदर से दरवाजा खोला.
बिना लॉक तोड़े चाबी से खोली गई गोदरेज की अलमारी:
कमरे के अंदर का नजारा देखकर परिजनों के होश उड़ गए. पूरा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था. हैरान करने वाली बात यह रही कि अलमारी (गोदरेज) के लॉकर को जबरन तोड़ा नहीं गया था, बल्कि उसे चाबी से ही खोला गया प्रतीत हो रहा था. इससे यह आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने बेहद इत्मीनान से चाबी की खोज की या उनके पास मास्टर की मौजूद थी. अलमारी में रखी पूरी नकदी और कीमती आभूषण नदारद थे.
ALSO READ: कांग्रेस नेताओं ने की लाठीचार्ज की निंदा, शशि थरूर ने कहा – बहुमत होते हुए भी सरकार क्यों डर रही
