Dhanbad: एक लंबी लड़ाई के बाद आखिरकार बीसीसीएल प्रबंधक ने कर्मचारियों के 13 दिनों की अग्रिम वेतन भुगतान से जुड़ी विसंगतियों के निपटारा के लिए अहम कदम उठाया है. इस संबंध में 21 मार्च को जारी पत्र के माध्यम से पात्र कर्मचारियों से आवेदन आमंत्रित करने का निर्देश दिया गया है. जारी आदेश के अनुसार सभी क्षेत्र, विभागों एवं कोलियारियों में नोटिस जारी होने की तिथि से 15 दिनों के भीतर संबंधित कर्मचारी निर्धारित प्रारूप में आवेदन कर सकेंगे. प्रबंधन ने निर्देश दिया है कि नोटिस को कार्यालय के प्रवेश द्वार के पास लगाया जाय. सूचना पट्टों पर प्रमुखता से चश्पा किया जाए ताकि सभी कर्मियों को इसकी जानकारी मिल सके. निर्धारित अवधि में आवेदन नहीं करने वाले कर्मचारी को यह माना जाएगा कि उनका कोई भी बकाया कंपनी के ऊपर नहीं है.

गलत जानकारी देने पर होगी कार्रवाई
60 दिनों के भीतर जांच कर आगे की अनुशंसा की जाएगी. प्राप्त आवेदनों की जांच के लिए क्षेत्रीय स्तर पर कार्मिक एवं वित्त प्रबंधकों की समिति गठित की जाएगी, जो डाटा डिजिटल अभिलेख एवं कर्मचारियों द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों के आधार पर 7 दिनों के भीतर जांच कर अनुशंसा देगी. भारत कोकिंग कोल लिमिटेड प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई कर्मचारी गलत जानकारी प्रस्तुत करता है या पाया गया तो उसके खिलाफ अनुशंसनात्मक एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी. अग्रिम राशि की वसूली ब्याज सहित कर्मचारियों से की जाएगी. साथ ही भुगतान से संबंधित सभी आदेशों में दस्तावेज इआरपी में अनिवार्य रूप से अपलोड करने का निर्देश दिया गया है ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार का विवाद उत्पन्न ना हो. प्रबंधन ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि इस आदेश का तत्काल प्रभाव से अनुपालन सुनिश्चित करें.
