Dhanbad: झारखंड के मुख्य सचिव अविनाश कुमार शुक्रवार को अचानक धनबाद स्थित शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH) पहुंचे. बिना किसी पूर्व सूचना के हुए इस औचक निरीक्षण से अस्पताल प्रबंधन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों में अफरा-तफरी मच गई. मुख्य सचिव के साथ धनबाद डीसी आदित्य रंजन और स्वास्थ्य विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे. जैसे ही मुख्य सचिव का काफिला अस्पताल परिसर में दाखिल हुआ, वहां हड़कंप मच गया. जो कर्मचारी ड्यूटी से नदारद थे, वे आनन-फानन में अपनी कुर्सियों पर लौटते दिखे. कई विभागों में आनन-फानन में सफाई अभियान चलाया गया. चीफ सेक्रेटरी ने ओपीडी, इमरजेंसी वार्ड, लेबर रूम और दवा वितरण केंद्र का बारीकी से निरीक्षण किया. उन्होंने अस्पताल के रजिस्टर और दवाओं के स्टॉक की भी जांच की.
गंदगी पर मुख्य सचिव ने जताई कड़ी नाराजगी
मुख्य सचिव ने केवल कागजी खानापूर्ति नहीं की, बल्कि सीधे वार्डों में जाकर मरीजों और उनके परिजनों से बात की. उन्होंने पूछा कि क्या उन्हें समय पर दवाएं मिल रही हैं और डॉक्टरों का व्यवहार कैसा है. निरीक्षण के दौरान अस्पताल के कुछ हिस्सों में गंदगी और संसाधनों की कमी देख मुख्य सचिव ने कड़ी नाराजगी जाहिर की. उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को फटकार लगाते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि जो भी कमियां पाई गई हैं, उन्हें तत्काल प्रभाव से दुरुस्त किया जाए. निरीक्षण के बाद मुख्य सचिव ने डीसी और अस्पताल के वरिष्ठ डॉक्टरों के साथ एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की.
