धनबाद: वासेपुर में डॉन फहीम खान के बेटे इकबाल खान के ड्राइवर को अपराधियों ने मारी गोली, जांच में जुटी पुलिस

धनबाद: कोयलांचल के वासेपुर इलाके में शुक्रवार देर रात फायरिंग की घटना सामने आई है. जेल में बंद माफिया डॉन फहीम खान...

धनबाद: कोयलांचल के वासेपुर इलाके में शुक्रवार देर रात फायरिंग की घटना सामने आई है. जेल में बंद माफिया डॉन फहीम खान के बेटे इकबाल खान के ड्राइवर बबली को बाइक सवार अपराधियों ने गोली मार दी. घायल ड्राइवर की हालत गंभीर बताई जा रही है.

कैसे हुई वारदात.

जानकारी के अनुसार, रात करीब 12 बजे इकबाल खान मस्जिद से इबादत कर घर लौट रहे थे. उनके साथ अंगरक्षक और ड्राइवर भी मौजूद थे. इसी दौरान कुछ संदिग्ध लोगों द्वारा पीछा किए जाने का आभास हुआ. खतरे को भांपते हुए इकबाल खान फहीम मार्केट के अंदर सुरक्षित स्थान पर चले गए. बताया जा रहा है कि इसके बाद अंगरक्षक और ड्राइवर बबली संदिग्धों की तलाश में निकले. अली नगर के पास बाइक सवार दो नकाबपोश अपराधियों ने पहले बबली को टक्कर मारकर गिरा दिया और फिर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. एक गोली उसकी पीठ में जा लगी. वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी भूली की ओर फरार हो गए.

अस्पताल में भर्ती, हालत गंभीर.

घायल अवस्था में स्थानीय लोगों और परिजनों ने बबली को तुरंत असर्फी अस्पताल पहुंचाया. डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए दुर्गापुर रेफर कर दिया. फिलहाल उसकी हालत गंभीर बनी हुई है.

जांच में जुटी पुलिस.

घटना की सूचना मिलते ही बैंक मोड़ थाना और भूली ओपी की पुलिस मौके पर पहुंची. आसपास के इलाकों में छापेमारी और जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस पूरे मामले को गैंगवार से जोड़कर भी जांच कर रही है. इलाके में एहतियातन सुरक्षा बढ़ा दी गई है.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *