Dhanbad: झरिया थाना क्षेत्र के बस्ताकोला इलाके में रविवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक प्लाई गोदाम में भीषण आग लग गई. आग इतनी भयावह थी कि उसकी लपटें दूर से ही दिख रही थी. हादसे में गोदाम मालिक राजू अग्रवाल सहित तीन लोग गंभीर रूप से झुलस गए.

सिलेंडर ब्लास्ट से हादसा
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा दोपहर करीब 12 बजे हुआ. बताया जा रहा है कि गोदाम में रखे घरेलू गैस सिलेंडर में अचानक विस्फोट हुआ. इसके बाद देखते ही देखते आग पूरे प्लाई गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया. प्लाई और लकड़ी के सामान होने के कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया. घटना के वक्त गोदाम में मौजूद गोदाम मालिक राजू अग्रवाल और दो अन्य कर्मचारी आग की चपेट में आने से बुरी तरह झुलस गए. स्थानीय लोगों की मदद से आनन-फानन में तीनों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है, जहां उनकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है.
कई मवेशियों को बचाया गया
आग की चपेट में आने से एक मवेशी भी गंभीर रूप से झुलस गया, हालांकि, स्थानीय युवाओं और प्रत्यक्षदर्शियों ने तत्परता दिखाते हुए पास में मौजूद अन्य मवेशियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया. आग लगने की सूचना मिलते ही झरिया थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची. आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल की चार गाड़ियों को तैनात किया गया. घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया.
