
धनबाद: कोयलांचल की धरती के ऊपर उड़ते हेलीकॉप्टर ने आमलोगों की जिज्ञासा बढ़ा दी है. शनिवार की सुबह उस समय कतरास के बाघमारा क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया, जब एक लो-फ्लाइंग हेलीकॉप्टर को इलाके के चक्कर काटते देखा गया. आसमान में गरजते इस हेलीकॉप्टर को देख स्थानीय लोगों के बीच तरह-तरह की अटकलें शुरू हो गई हैं. ग्रामीणों के बीच यह चर्चा तेज हो गई कि प्रशासन या जांच एजेंसियां ऊपर से अवैध उत्खनन स्थलों की मैपिंग कर रही हैं. लोगों का मानना है कि दुर्गम इलाकों और झाड़ियों के बीच चलने वाले अवैध मुहानों पर पैनी नजर रखने के लिए इस आधुनिक तरीके का सहारा लिया जा रहा है. हालांकि, जांच में सामने आया कि यह हेलीकॉप्टर किसी सैन्य या सुरक्षा अभियान के लिए नहीं, बल्कि तकनीकी सर्वेक्षण के लिए उड़ान भर रहा था.

