राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रति अनादर पूरे देश के आदिवासी समाज का अनादर है : समीर उरांव

Ranchi: बीजेपी अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह पूर्व राज्यसभा सांसद समीर उरांव ने बेरमो के कांग्रेस विधायक अनूप सिंह के...

Ranchi: बीजेपी अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह पूर्व राज्यसभा सांसद समीर उरांव ने बेरमो के कांग्रेस विधायक अनूप सिंह के हालिया बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि उनके शब्दों में देश की महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रति अनादर झलकता है, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है.

उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू न केवल देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आसीन हैं, बल्कि वे देश के आदिवासी समाज की गौरवशाली पहचान भी हैं. ऐसे में उनके प्रति इस प्रकार की टिप्पणी करना पूरे आदिवासी समाज और देश की गरिमा का अपमान है.

क्या आदिवासी महिला का सर्वोच्च पद पर होना इंडी गठबंधन को स्वीकार नहीं

श्री उरांव ने कहा कि यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि क्या एक आदिवासी महिला का देश के सर्वोच्च पद पर आसीन होना इंडी गठबंधन के नेताओं को स्वीकार नहीं हो पा रहा है. पहले ममता बनर्जी की ओर से राष्ट्रपति के कार्यक्रम और सुरक्षा से जुड़े मामले में लापरवाही सामने आई और अब कांग्रेस विधायक का यह बयान उसी मानसिकता को उजागर करता है.

Also Read: गुमला: आठ हजार रुपये घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार हुई महिला पंचायत सचिव

कांग्रेस और इंडी गठबंधन को स्पष्ट करना चाहिए अपना रुख

उन्होंने कहा कि कांग्रेस और इंडी गठबंधन को स्पष्ट करना चाहिए कि क्या वे देश की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति का सम्मान करते हैं या नहीं. लोकतंत्र में मतभेद हो सकते हैं, लेकिन देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद और उस पद पर विराजमान व्यक्ति के प्रति सम्मान बनाए रखना हर जनप्रतिनिधि का कर्तव्य है.

कांग्रेस विधायक से सार्वजनिक माफी की मांग

समीर उरांव ने कहा कि कांग्रेस विधायक को अपने बयान के लिए देश और आदिवासी समाज से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए. बीजेपी अनुसूचित जनजाति मोर्चा इस तरह की मानसिकता का कड़ा विरोध करता है और देश की महामहिम राष्ट्रपति के सम्मान से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं करेगा.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *