डायन प्रथा खत्म करना जरूरी, अंधविश्वास से कई परिवार प्रभावित: उपायुक्त

लोहरदगा: लोहरदगा के उपायुक्त डॉ. ताराचंद ने पंचायत कर गोइठ कार्यक्रम के 26वें संस्करण में मुखियाओं को संबोधित करते हुए डायन प्रथा...

लोहरदगा: लोहरदगा के उपायुक्त डॉ. ताराचंद ने पंचायत कर गोइठ कार्यक्रम के 26वें संस्करण में मुखियाओं को संबोधित करते हुए डायन प्रथा जैसी कुप्रथाओं को समाप्त करने की अपील की. उन्होंने कहा कि अंधविश्वास के कारण अब भी महिलाओं को डायन और पुरुषों को बिसाहा कहकर प्रताड़ित करने की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे कई परिवार प्रभावित हो रहे हैं.

डायन प्रथा के खिलाफ जागरूकता की अपील

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित कार्यक्रम में उपायुक्त ने कहा कि किसी महिला को डायन या पुरुष को बिसाहा कहना पूरी तरह अंधविश्वास है. उन्होंने सभी मुखियाओं से अपील की कि अपने-अपने पंचायतों में इस तरह की भ्रांतियों को दूर करने के लिए लोगों को जागरूक करें. साथ ही यदि किसी गांव या पंचायत में ऐसी चर्चा होती है तो इसकी सूचना तुरंत जिला प्रशासन को दें. प्रशासन द्वारा सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और दोषियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.

फाइलेरिया उन्मूलन के लिए दवा लेने की अपील

उपायुक्त ने फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि एमडीए कार्यक्रम 25 मार्च 2026 तक चलाया जा रहा है. इसके तहत डीईसी और कृमिनाशक दवा अल्बेंडाजोल की खुराक लेना जरूरी है. उन्होंने बताया कि गर्भवती महिलाओं, अत्यंत गंभीर रूप से बीमार लोगों और दो वर्ष से कम उम्र के बच्चों को छोड़कर बाकी सभी लोगों को यह दवा लेनी चाहिए. मुखियाओं से कहा गया कि जो लोग अभी तक दवा नहीं ले पाए हैं उन्हें चिन्हित कर दवा दिलाने के लिए प्रेरित करें.

Also Read: दिल्ली : लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा, सत्ता पक्ष और विपक्ष में जोरदार बहस

धान बेचने के लिए किसानों से अपील

उपायुक्त ने कहा कि जिन किसानों के पास अभी भी धान बचा हुआ है और वे सरकार को बेचना चाहते हैं, वे अपने नजदीकी लैम्पस में जाकर धान बेच सकते हैं. इससे किसानों को बेहतर मूल्य मिलेगा. साथ ही उन्होंने मुखियाओं से कहा कि खरीफ फसल की बेहतर पैदावार के लिए किसानों के साथ लैम्पस और पैक्स के माध्यम से अभी से योजना बनाएं.

बिजली और चापाकल से जुड़ी समस्याओं की जानकारी दें

बैठक के दौरान उपायुक्त ने कहा कि जिन पंचायतों में चापाकल खराब हैं, उसकी सूची मुखिया उपलब्ध कराएं ताकि उनकी मरम्मत कराई जा सके. वहीं जिन गांवों या पंचायतों में बिजली की समस्या है, उसकी सूचना तत्काल विद्युत प्रमंडल लोहरदगा को देने को कहा गया.

बैठक में अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में आईटीडीए परियोजना निदेशक सुषमा नीलम सोरेंग, जिला पंचायत राज पदाधिकारी अंजना दास, एसडीपीओ श्रद्धा केरकेट्टा सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी और संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *