SAURAV SINGH
रांची: झारखंड में कानून-व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने और पुलिस की कार्यक्षमता बढ़ाने की दिशा में राज्य सरकार एक बड़ा कदम उठाने जा रही है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आगामी 13 मार्च को झारखंड विधानसभा परिसर से 1477 नए वाहनों को हरी झंडी दिखाकर विभिन्न जिलों के लिए रवाना करेंगे. लंबे समय से पुराने और जर्जर वाहनों की समस्या से जूझ रहे थानों के लिए यह खबर किसी बड़ी सौगात से कम नहीं है. इस भव्य कार्यक्रम की तैयारियां जोरों पर हैं और आज यानी बुधवार को इन वाहनों का रिहर्सल भी किया जाएगा.
पेट्रोलिंग और सुरक्षा होगी और भी मजबूत
राज्य पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार, इन 1477 वाहनों में 628 चार पहिया वाहन (बोलेरो) और 849 दो पहिया वाहन (बाइक) शामिल हैं. सरकार का मुख्य उद्देश्य शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में पुलिस पेट्रोलिंग को अधिक प्रभावी बनाना है. झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि नए वाहनों के आने से नक्सल प्रभावित क्षेत्रों और दूरदराज के इलाकों में पुलिस की क्विक रिस्पॉन्स टीम बेहतर काम कर पाएगी. इससे न केवल अपराध नियंत्रण में मदद मिलेगी, बल्कि आपातकालीन सहायता और यातायात प्रबंधन में भी सुधार होगा.
प्रमुख जिलों का आवंटन ब्यौरा
बढ़ती जनसंख्या और अपराध की चुनौतियों को देखते हुए राजधानी रांची और औद्योगिक नगरी जमशेदपुर को सबसे अधिक वाहन आवंटित किए गए हैं.
जिला बोलेरो बाइक
रांची 80 73
जमशेदपुर 51 89
बोकारो 39 53
धनबाद 40 45
चाईबासा 40 47
Read Also: बोकारो में पुलिस टीम पर हमला: आरोपियों ने कार में लगाई आग, गवाह रहस्यमय तरीके से हुआ लापता
अन्य जिलों में वाहनों का वितरण
पुलिस मुख्यालय ने जिले की जरूरत और संवेदनशीलता के आधार पर वाहनों का बंटवारा किया है. जिनमें गिरिडीह को 32 बोलेरो व 39 बाइक, देवघर को 28 बोलेरो व 39 बाइक और दुमका को 20 बोलेरो व 28 बाइक दी गई हैं. पलामू को 31 बोलेरो व 36 बाइक, जबकि हजारीबाग को 29 बोलेरो व 42 बाइक आवंटित की गई हैं.
छोटे जिलों पर भी ध्यान
पाकुड़ को 11 बोलेरो, खूंटी को 14 और सिमडेगा को 15 बोलेरो के साथ पर्याप्त संख्या में बाइक दी गई हैं. इसके अलावा हेडक्वार्टर रिस्पॉन्स टीम को भी 14 बोलेरो और 42 बाइक से लैस किया गया है.
