विनीत/सौरभ

रांची: झारखंड में आतंक का पर्याय बन चुके और वर्तमान में पाकिस्तान में शरण लिए हुए गैंगस्टर प्रंस खान के सिंडिकेट पर पुलिस ने चौतरफा शिकंजा कसना शुरू कर दिया है. इस गिरोह का सबसे भरोसेमंद और सक्रिय सदस्य राहुल राणा अब कानून के फंदे से बचने के लिए देश छोड़कर भागने की तैयारी में है.
पुलिस मुख्यालय को मिले खुफिया इनपुट के अनुसार, राहुल राणा दुबई, नेपाल या किसी खाड़ी देश में शरण लेने की योजना बना रहा है. इस जानकारी के बाद झारखंड पुलिस ने देशभर की प्रमुख एयरलाइंस कंपनियों और अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों के इमिग्रेशन काउंटरों को लुकआउट नोटिस की तर्ज पर अलर्ट जारी कर दिया है.
हवाई अड्डों पर कड़ी निगरानी, साझा किया गया हुलिया
झारखंड पुलिस ने केंद्रीय जांच एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए राहुल राणा का पूरा ब्यौरा साझा किया है. जिनमें राहुल राणा का पासपोर्ट नंबर और पहचान पत्र, उसका हालिया हुलिया और शारीरिक पहचान और संभावित गंतव्य स्थलों की सूची शामिल है.
एयरलाइंस कंपनियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि यदि राहुल राणा के नाम से कोई टिकट बुक होती है या वह चेक-इन काउंटर पर दिखाई देता है, तो बिना देरी किए स्थानीय सुरक्षा एजेंसियों और झारखंड पुलिस को सूचित किया जाए.
Also Read: कोलंबिया में बड़ा विमान हादसा: 120 सैनिकों को ले जा रहा हरक्यूलिस C-130 क्रैश
पांच हजार रुपयों के लिए व्यापारियों की जान का सौदा
जांच एजेंसियों ने एक चौंकाने वाले लोकल सिंडिकेट का खुलासा किया है. यह सिंडिकेट रांची और बोकारो के कुछ युवक महज पांच हजार रुपये के लालच में बड़े व्यापारियों की जान जोखिम में डाल रहे हैं. राहुल राणा, कौशल पंडित (रांची), राकेश सिंह और सुदीश ओझा (बोकारो) जैसे युवक स्थानीय स्तर पर रसूखदार बिल्डरों और व्यापारियों की पहचान करते हैं.
ये सभी युवक व्यापारियों का निजी मोबाइल नंबर, उनके घर का पता, परिवार के सदस्यों की जानकारी और उनके दैनिक कामकाज का पूरा ब्यौरा जुटाते हैं. यह सारी जानकारी पाकिस्तान में बैठे प्रिंस खान तक पहुंचाई जाती है. इसी जानकारी के आधार पर प्रिंस खान विदेशी नंबरों से व्यापारियों को धमकी देता है और रंगदारी मांगता है.
पिछले कुछ हफ्तों में धनबाद और आसपास के इलाकों में प्रिंस खान गिरोह के ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की गई है. पुलिस की इसी सक्रियता से घबराकर गिरोह के सदस्य अब ठिकाने बदलने और विदेश भागने की कोशिश कर रहे हैं.

