रांची: रांची नगर निगम की ओर से गुरुवार को बकरी बाजार परिसर में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया. इस शिविर में खास तौर पर सफाई मित्रों के स्वास्थ्य की जांच पर ध्यान दिया गया. आधिकारिक जानकारी के अनुसार, कुल 1534 लोगों की जांच की गई. इनमें 1276 सफाई मित्र, 22 निगम कर्मचारी और 236 अन्य लोग शामिल रहे. शिविर में ब्लड शुगर, हीमोग्लोबिन, ब्लड प्रेशर (बीपी) और आंखों की जांच जैसी जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं दी गई. डॉक्टरों ने मौके पर ही परामर्श दिया और जरूरतमंदों को मुफ्त दवाइयां भी उपलब्ध कराई गई.
300 महिलाओं को एनीमिया और माहवारी से जुड़ी समस्याएं
जांच के दौरान सामने आया कि 300 महिला सफाई मित्र एनीमिया और माहवारी से जुड़ी समस्याओं से जूझ रही हैं. इसके अलावा 132 लोगों में शुगर और 114 लोगों में उच्च रक्तचाप की समस्या पाई गई. स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने इन मरीजों को एक सप्ताह बाद दोबारा जांच कराने की सलाह दी है, ताकि उनके स्वास्थ्य की लगातार निगरानी की जा सके और समय पर इलाज दिया जा सके.
शिविर में सभी व्यवस्थाएं बेहतर तरीके से की गई थीं. अलग-अलग काउंटर, तेज जांच प्रक्रिया और स्टाफ की सक्रियता के कारण पूरा कार्यक्रम सुचारु और समय पर संपन्न हुआ, जिससे लोगों ने संतोष जताया.
यह भी पढ़ें: खूंटी: तालाब में डूबने से तीन बच्चे की मौत, एक ही परिवार के दो चिराग बुझे
