शहनाइयों के बीच गैस की किल्लत, शादी वाले घरों में बढ़ी चिंता

LPG Crisis : बिहार में 14 अप्रैल को खरमास समाप्त होते ही शादी-विवाह का सीजन शुरू होने वाला है, लेकिन इस बार...

Wedding celebration amidst LPG crisis
Wedding celebration amidst LPG crisis

LPG Crisis : बिहार में 14 अप्रैल को खरमास समाप्त होते ही शादी-विवाह का सीजन शुरू होने वाला है, लेकिन इस बार खुशी के इस माहौल पर रसोई गैस (LPG) की किल्लत ने चिंता की छाया डाल दी है. राजधानी पटना समेत कई जिलों में गैस सिलेंडर की भारी कमी देखी जा रही है, जिससे शादी वाले घरों में टेंशन बढ़ गई है.

शादी समारोहों पर संकट

हालांकि विवाह समारोहों की तैयारियां महीनों पहले से हो चुकी हैं, लेकिन अब गैस की कमी ने आयोजकों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. पटना के बेली रोड और दीघा-आशियाना रोड स्थित बैंक्वेट हॉल संचालकों का कहना है कि उन्हें जरूरत के मुकाबले आधे भी कमर्शियल सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं. ऐसे में मेहमानों के लिए बनने वाले व्यंजनों की संख्या घटाने की नौबत आ सकती है. वहीं, जिन घरों में अचानक आयोजन हैं, उन्हें एक सिलेंडर के लिए भी भटकना पड़ रहा है.

प्रशासन सख्त, कालाबाजारी पर कार्रवाई

 स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है. डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम ने गैस एजेंसियों और अधिकारियों के साथ आपात बैठक कर स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कालाबाजारी, ओवरचार्जिंग या अवैध उपयोग में लिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. जरूरत पड़ने पर एस्मा (ESMA) के तहत भी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है.

शिकायत के लिए कंट्रोल रूम सक्रिय

उपभोक्ताओं की परेशानी को देखते हुए जिला प्रशासन ने 24 घंटे चालू रहने वाला कंट्रोल रूम नंबर (0612-2219810) जारी किया है, जहां लोग अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं.

बैकलॉग बढ़कर 1.71 लाख

गैस संकट का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि एलपीजी सिलेंडर का बैकलॉग 1.71 लाख तक पहुंच चुका है. कई लोगों को बुकिंग के बावजूद समय पर सिलेंडर नहीं मिल रहा, वहीं फर्जी डिलीवरी मैसेज की शिकायतें भी सामने आ रही हैं, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है. प्रशासन ने गैस एजेंसियों को जिम्मेदारी से काम करने के निर्देश दिए हैं और गड़बड़ी मिलने पर एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी तक की कार्रवाई की जा रही है.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *