गिरिडीह: हुट्टी बाजार में डीजे विवाद ने लिया खूनी रूप, चाकूबाजी और उस्तरा हमले में युवक की मौत, तीन घायल

गिरिडीह: जिले में गुरुवार की रात खुशियों का माहौल मातम में बदल गया. नगर थाना क्षेत्र के हुट्टी बाजार (रविदास टोला) में...

गिरिडीह: जिले में गुरुवार की रात खुशियों का माहौल मातम में बदल गया. नगर थाना क्षेत्र के हुट्टी बाजार (रविदास टोला) में डीजे बजाने को लेकर उपजा एक मामूली विवाद इतना बढ़ा कि दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष शुरू हो गया. इस हिंसक झड़प में चाकू और उस्तरा से किए गए ताबड़तोड़ हमलों में एक 30 वर्षीय युवक की जान चली गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं.

जाने क्या है मामला:

जानकारी के अनुसार, हुट्टी बाजार मोहल्ले में गुरुवार रात डीजे बज रहा था. संगीत और जश्न के बीच मोहल्ले के कुछ बच्चों में किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई. विवाद बढ़ता देख मोहल्ले के ही अजय कुमार दास (30 वर्ष) अपने साथियों के साथ बच्चों को शांत कराने और बीच-बचाव करने पहुंचे थे. इसी बीच, हुट्टी बाजार का ही रहने वाला रवि दास अपने कुछ सहयोगियों के साथ वहां पहुंचा. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रवि और उसके साथियों ने आव देखा न ताव और वहां मौजूद लोगों पर उस्तरा व चाकू से हमला करना शुरू कर दिया.हमले में अजय कुमार दास सहित चार लोग लहूलुहान होकर गिर पड़े. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने सभी घायलों को तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद अजय कुमार दास को मृत घोषित कर दिया, जबकि राजेश दास, परदूम दास और प्रेम दास का इलाज सदर अस्पताल में जारी है.

आपसी रंजिश और पुलिस की कार्रवाई:

स्थानीय सूत्रों से यह भी जानकारी मिली है कि हमलावर (रवि दास) और मृतक (अजय दास) आपस में जीजा-साला हैं. इनके बीच पहले से ही किसी पारिवारिक या व्यक्तिगत बात को लेकर विवाद चल रहा था, जिसने गुरुवार की रात हिंसक रूप ले लिया. घटना की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी नीरज कुमार सिंह और नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह भारी पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और परिजनों से घटना की जानकारी ली. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

क्या कहते थाना प्रभारी:

पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है, आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. शहर की शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में पुलिस तैनात है.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *