गिरिडीह: आगामी ईद, रामनवमी और सरहुल पर्व को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है. त्योहारों के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए शुक्रवार को शहर में फ्लैग मार्च निकाला गया.

फ्लैग मार्च की शुरुआत बड़ा चौक से हुई, जिसका नेतृत्व एसपी डॉ. बिमल कुमार और उपायुक्त रामनिवास यादव ने किया. इस दौरान पुलिस बल, दंडाधिकारी और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे.
फ्लैग मार्च शहर के प्रमुख मार्गों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील चौक-चौराहों से होते हुए पचंबा तक पहुंचा. इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया और तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए गए.
अधिकारियों ने लोगों से आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाने और किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की. प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जिले में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है.

