गिरिडीह: पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार ने बुधवार को पत्रकार वार्ता कर नगर निकाय चुनाव 2026 के बाद हुई हिंसक घटना के मामले में की गई कार्रवाई की विस्तृत जानकारी दी.

उन्होंने बताया कि 23 फरवरी 2026 को वार्ड संख्या 18 स्थित उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय, आजाद नगर, पचंबा मतदान केंद्र से लगभग 200 मीटर की दूरी पर हुई हिंसक घटना के संबंध में नगर थाना कांड संख्या 16/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी.
Also Read: रांची: डार्क वेब के जरिए नीदरलैंड से मंगाया जा रहा नशा, नेटवर्क में शामिल युवक गिरफ्तार
गुप्त सूचना के आधार पर हुई गिरफ्तारी
एसपी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी हर्ष श्रीवास्तव उर्फ टुसू उम्र करीब 22 वर्ष को गिरिडीह-तुंडी मुख्य मार्ग पर स्थित बुटबरिया गांव के पास से गिरफ्तार किया गया.
गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर उसके द्वारा फायरिंग में प्रयुक्त एक 7.65 एमएम का देशी पिस्टल, एक जिंदा गोली तथा एक खोखा बरामद किया गया है.
क्या कहा SP ने
एसपी डॉ. विमल कुमार ने बताया कि घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए SDPO के नेतृत्व में SIT का गठन किया गया था. तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर पूर्व में भी पांच आरोपियों — शिवम कुमार श्रीवास्तव उर्फ शिवम आजाद, अमित विश्वकर्मा, आकाश हांडी, मंजीत पासवान एवं किशोर पासवान — को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है तथा उनके पास से भी 7.65 एमएम का देशी पिस्टल और दो जिंदा गोलियां बरामद की गई थी.
प्रेस वार्ता में एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है. नगर थाना कांड संख्या 153/25 में भी उसका नाम दर्ज है. इस कार्रवाई में जिले के विभिन्न थाना प्रभारियों व पुलिस पदाधिकारियों की विशेष टीम शामिल रही. पुलिस अधीक्षक ने कहा कि चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी.

