गिरिडीह: जिले के पचंबा थाना क्षेत्र में आंगनबाड़ी केंद्र में चोरी की घटना सामने आई है, जिसने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. यह मामला लोहपिट्टी आंगनबाड़ी केंद्र का है, जहां देर रात अज्ञात चोरों ने दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया.

जानकारी के अनुसार, चोर सीधे रसोईघर में पहुंचे और वहां से गैस चूल्हा, दो गैस सिलेंडर और भोजन बनाने में उपयोग होने वाले अन्य जरूरी सामान चोरी कर लिया. यह वही स्थान है, जहां छोटे बच्चों के लिए खाना तैयार किया जाता है.
गुरुवार सुबह जब आंगनबाड़ी सेविका केंद्र पहुंचीं, तो टूटा हुआ ताला देखकर वे हैरान रह गईं. अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए, क्योंकि रसोई पूरी तरह खाली थी. उन्होंने तुरंत स्थानीय लोगों और पुलिस को सूचना दी.
मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस घटना में कितने लोग शामिल थे.

इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है. उनका कहना है कि चोरों ने बच्चों के भोजन तक को नहीं छोड़ा. ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई और सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है.अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले का खुलासा कब तक करती है.
