रांची : बुंडू में नगर पंचायत चुनाव को लेकर अध्यक्ष पद के प्रत्याशी जितेंद्र उरांव ने मिलन मंदिर सभागार में नगर के बुद्धिजीवियों, व्यवसायियों और विभिन्न सामाजिक वर्गों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की. बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में उन्होंने नगर के सर्वांगीण विकास की रूपरेखा प्रस्तुत की. उन्होंने कहा कि बुंडू को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और आधुनिक सुविधाओं से युक्त शहर बनाने के लिए ठोस और समयबद्ध पहल की जाएगी.
“एक मौका दीजिए” — समर्थन की अपील
अपने संबोधन में जितेंद्र उरांव ने जनता से समर्थन की अपील करते हुए कहा, “मुझे एक मौका दीजिए, अगले पांच वर्षों तक शिकायत का अवसर नहीं मिलेगा.” उन्होंने भरोसा दिलाया कि चुनाव जीतने के बाद नगर में आधुनिक बस स्टैंड का निर्माण कराया जाएगा, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल सके. साथ ही पक्की सड़कों और नालियों का निर्माण तथा जलनिकासी व्यवस्था को सुदृढ़ करने का आश्वासन भी दिया.
पारदर्शिता और जनभागीदारी का वादा
उन्होंने जरूरतमंद परिवारों को पानी का कनेक्शन उपलब्ध कराने की बात कही और स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता और जनभागीदारी को प्राथमिकता दी जाएगी. बैठक के अंत में उपस्थित लोगों ने भी अपने सुझाव रखे और नगर के समग्र विकास के लिए सकारात्मक सहयोग का भरोसा दिलाया.
