गुमला: जिले से मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई थी. जब जिले के बिशुनपुर थाना क्षेत्र के लुपु गुड़िया टांड गांव में बच्चा चोरी की अफवाह ने एक महिला की जान ले ली थी. उग्र भीड़ ने महिला को बेरहमी से पीटा, जिसके बाद इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया. इस मामले में एसपी हरिश बिन जमा के निर्देश पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक आठ लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस अन्य संदिग्धों की पहचान करने और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कैंप कर रही है. पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया या सुनी-सुनाई बातों (जैसे बच्चा चोरी की अफवाह) पर भरोसा न करें. यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखता है, तो कानून हाथ में लेने के बजाय तुरंत नजदीकी थाना या 100/112 पर सूचना दें.
क्या है पूरा मामला?:
घटना की शुरुआत लुपु गुड़िया टांड गांव से हुई, जहां ग्रामीणों के बीच यह अफवाह फैल गई कि गांव में एक महिला बच्चा चोरी करने के इरादे से घूम रही है. बिना किसी जांच-परख के, उग्र ग्रामीणों ने कानून को अपने हाथ में ले लिया और महिला को पकड़कर उसकी बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी. सूचना मिलने तक महिला गंभीर रूप से घायल हो चुकी थी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर महिला को भीड़ से छुड़ाया और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिशुनपुर में भर्ती कराया। हालांकि, चोटें इतनी गंभीर थीं कि इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई.
