Gumla: भारत की जनगणना 2027 के सफल संचालन को लेकर गुमला के सूचना भवन सभागार में तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम चल रहा है. प्रशिक्षण के दूसरे दिन अधिकारियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण के बारे में जानकारी दी गयी. जनगणना कार्य निदेशालय, झारखण्ड, रांची के उप निदेशक, जनगणना केष्या नायक आर और सांख्यिकी अन्वेषक ग्रेड-2 राजा शंकर ठाकुर ने इस संबंध में विस्तार से बताया. चार्ज पदाधिकारी, सहायक चार्ज पदाधिकारी, तकनीकी सहायक एवं जिला स्तरीय पदाधिकारियों को मकान सूचीकरण ब्लॉक का सीएमएमएस (CMMS) पोर्टल पर निर्माण करने की प्रक्रिया का विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया. प्रशिक्षण में स्वगणना (Self Enumeration) के संबंध में भी विस्तृत जानकारी दी गई. बताया गया कि आम नागरिकों के लिए मकान सूचीकरण कार्य प्रारंभ होने के 15 दिन पूर्व एक समर्पित वेब पोर्टल उपलब्ध कराया जाएगा, जिसके माध्यम से वे स्वयं अपना विवरण दर्ज कर सकेंगे.

गोपनीयता बनाए रखने पर जोर
जनगणना अधिनियम के तहत गोपनीयता बनाए रखने पर विशेष बल देते हुए निर्देश दिया गया कि अधिकृत व्यक्तियों के अतिरिक्त किसी भी अनधिकृत व्यक्ति को जनगणना अभिलेखों के निरीक्षण की अनुमति नहीं दी जाएगी. प्रशिक्षकों ने बताया कि मकान सूचीकरण के माध्यम से मानव बस्तियों की स्थिति, आवासीय आवश्यकताओं से संबंधित महत्वपूर्ण आंकड़े प्राप्त होंगे, जो नीतिगत निर्णयों में सहायक होंगे. इसके अतिरिक्त, प्रशिक्षण के दौरान यह भी निर्देशित किया गया कि डिजिटल प्रणाली में किसी प्रकार की तकनीकी समस्या आने पर धैर्य एवं संयम बनाए रखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों से समन्वय कर उसका समाधान सुनिश्चित किया जाए.

मौके पर कई पदाधिकारी रहे मौजूद
प्रशिक्षण कार्यक्रम में अपर समाहर्ता-सह-जिला जनगणना पदाधिकारी सशिन्द्र कुमार बड़ाईक, अनुमंडल पदाधिकारी चैनपुर पूर्णिमा कुमारी, अनुमंडल पदाधिकारी बसिया जयन्ती देवगम, जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी-सह-अपर जिला जनगणना पदाधिकारी माधुरी बेक, जिला शिक्षा अधीक्षक, जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी सहित सभी चार्ज पदाधिकारी, प्रखण्ड विकास पदाधिकारी/अंचल अधिकारी, सहायक चार्ज पदाधिकारी, तकनीकी सहायक एवं जिला स्तरीय जनगणना कोषांग के कर्मी उपस्थित थे.

