रांची: पिछले लगभग दस महीनों से जेल में बंद IAS अधिकारी विनय चौबे ने हजारीबाग लैंड स्कैम से जुड़े मामले में झारखंड हाईकोर्ट में जमानत याचिका दायर की है. उनके अधिवक्ता आर एस मजूमदार के माध्यम से वन भूमि से संबंधित इस कथित घोटाले में बेल पिटीशन दाखिल की गई है. मामले में आज ACB ने अपना जवाब दाखिल किया है. वहीं, मामले की अगली सुनवाई में मंगलवार को बहस हो सकती है. बता दें, कि मामले में जमानत याचिका दाखिल होने के बाद अदालत ने ACB को जवाब दाखिल करने को कहा था. इस मामले की सुनवाई हाईकोर्ट के न्यायाधीश संजय कुमार द्विवेदी की खंडपीठ कर रही है.
ACB पहले ही दाखिल कर चुकी है चार्जशीट
ACB ने इस मामले में विनय चौबे के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी है. जांच एजेंसी ने पहले इस मामले की प्राथमिक जांच पूरी की थी, जिसके बाद रांची ACB ने कांड संख्या 11/2025 के तहत प्राथमिकी दर्ज की थी. मामले में 73 लोगों को बनाया गया आरोपी जांच एजेंसी ने इस मामले में कुल 73 लोगों को नामजद आरोपी बनाया है. इनमें विनय चौबे के करीबी विनय सिंह, उनकी पत्नी स्निग्धा सिंह, हजारीबाग के विधायक प्रदीप प्रसाद, तत्कालीन अंचल अधिकारी (CO) शैलेश कुमार और ब्रोकर विजय सिंह शामिल हैं. ACB के अनुसार, अब तक जुटाए गए सबूतों और गवाहों के बयानों के आधार पर एजेंसी को लैंड स्कैम में विनय चौबे की संलिप्तता के संकेत मिले हैं.
यह भी पढ़ें: लातेहार : गुम हुए 15 मोबाइल बरामद, पुलिस ने असली मालिकों के चेहरे पर लौटाई मुस्कान
