Hazaribagh: कोर्रा थाना क्षेत्र के दीपूगढ़ा स्थित DAV स्कूल के पास संचालित ‘होटल स्वाग इन फैमिली रेस्टोरेंट’ में कथित संदिग्ध गतिविधियों के आरोप को लेकर रविवार को स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. मोहल्लेवासियों ने होटल को घेर लिया और पुलिस को सूचना दी, मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की.

पहले भी उठ चुके हैं सवाल
स्थानीय लोगों का आरोप है कि होटल में पहले भी आपत्तिजनक गतिविधियों की शिकायत की गई थी. उनका कहना है कि पूर्व में कुछ युवक-युवतियों को पकड़कर पुलिस ले गई थी, लेकिन जल्द ही उन्हें छोड़ दिया गया, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ गई.

होटल में मचा हड़कंप
रविवार को होटल में युवक-युवतियों की संदिग्ध आवाजाही देखने के बाद स्थानीय लोग और जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंच गए. भीड़ जुटते ही होटल में अफरा-तफरी मच गई, कुछ लोग पीछे के रास्ते से निकल गए , जबकि पुलिस ने एक युवक और एक युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ की.

पुलिस का पक्ष
कोर्रा थाना प्रभारी ने बताया कि हिरासत में लिया गया युवक और युवती दोनों बालिग हैं. पूछताछ में उन्होंने बताया कि उनकी जल्द शादी होने वाली है, जिसके बाद उन्हें हिदायत देकर छोड़ दिया गया. वहीं होटल के स्टाफ और मैनेजर से पूछताछ जारी है.

